Bihar Top News Today 07 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 07 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
निगरानी विभाग की छापेमारी
मोतिहारी। बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार को पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आय से अधिक संपत्ति (DA) के मामले में एक शिक्षिका के ठिकानों पर सुबह-सुबह हुई इस छापेमारी से हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, निगरानी विभाग की एक विशेष टीम ने नगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार स्थित शिक्षिका के निजी आवास पर छापा मारा। टीम के सदस्य सुबह ही घर में दाखिल हो गए और मुख्य द्वार को बंद कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना और आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित करने के पुख्ता सबूतों के आधार पर की गई है।
नीतीश के उत्तराधिकारी की एंट्री
पटना। बिहार की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार अब औपचारिक रूप से सक्रिय राजनीति का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि निशांत कुमार की एंट्री का प्रस्ताव स्वयं उन्होंने ही मुख्यमंत्री आवास पर हुई विधायकों की बैठक में रखा था।
राघव ने UPSC में रचा इतिहास
मुजफ्फरपुर। बिहार की माटी ने एक बार फिर देश को एक होनहार प्रशासनिक अधिकारी दिया है। मुजफ्फरपुर के पंकज मार्केट निवासी राघव झुनझुनवाला ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में पूरे भारत में चौथी रैंक (AIR 4) हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। राघव अपने नाना-नानी के घर रहकर पढ़े-बढ़े और आज अपनी मेहनत से सफलता का शिखर छुआ है।
कलेक्ट्रेट पर धरना
मुजफ्फरपुर। जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को पुराना साहेबगंज रोड बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले दर्जनों पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कांटी प्रखंड के प्रमुख कृपा शंकर शाही और समाजसेवी चुलबुल शाही कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने रेल प्रशासन और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कार और बाइक की भिड़ंत में दो की मौत
किशनगंज। जिले में एक बार फिर रफ्तार का जुनून दो परिवारों के लिए मातम लेकर आया। बहादुरगंज-ठाकुरगंज मुख्य मार्ग (NH 327E) पर खैखाट चौक के समीप शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो युवकों की जान चली गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब शादाब आलम (30 वर्ष) इफ्तारी के बाद अपने घर ताराबारी से लोहागाड़ा की ओर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान ठाकुरगंज की दिशा से विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) में आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शादाब आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास ही खड़े राहगीर शाह आलम (26 वर्ष) इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण की मधुबन थाना पुलिस ने एक संगठित बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। पुलिस ने न केवल चोरी की गाड़ियां बरामद कीं, बल्कि उस पूरी ‘वर्कशॉप’ का भी भंडाफोड़ किया है जहां चोरी की मोटरसाइकिलों का हुलिया और पहचान बदलकर उन्हें बाजार में खपाया जाता था।
10 दिन बाद पटना लौटे लालू-राबड़ी
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्यसभा जाने के फैसले ने सूबे की सियासत को पूरी तरह गर्मा दिया है। इस बीच लालू यादव 10 दिन के दिल्ली प्रवास (चेकअप) के बाद पटना लौटे, जहां राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश कुमार को जबरदस्ती हटाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई है; उन्हें बिहार छोड़कर नहीं जाना चाहिए और यहीं रहकर काम करना चाहिए। राबड़ी का इशारा नीतीश के उस सोशल मीडिया पोस्ट की तरफ था, जिसमें उन्होंने राज्यसभा जाने और नई सरकार को समर्थन देने की बात कही थी।
करोड़ों की ठगी करने वाला गिरफ्तार
रोहतास पुलिस ने नेटवर्किंग कंपनी के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी रौशन कुमार कश्यप को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से सासाराम के शेरगंज का निवासी है, जिसे पुलिस ने गुड़गांव के सेक्टर-85 स्थित एक आलीशान फ्लैट से दबोचा।
मौलाना का भड़काऊ बयान
पटना। बिहार में एक धार्मिक सभा के दौरान मौलाना अब्दुल्ला सलीम द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर दी गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी ने बड़े विवाद को जन्म दे दिया है। इस बयान के बाद हिंदू संगठनों और राजनीतिक गलियारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। यह मामला रमजान के दौरान आयोजित एक मजहबी जलसे का बताया जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने उत्तर प्रदेश में लागू सख्त गौकशी विरोधी कानून पर तंज कसा। मौलाना ने इस कानून की आलोचना करते हुए मर्यादा की सीमाएं लांघ दीं और कथित तौर पर कहा, यूपी में ऐसा कानून है कि अगर योगी की अम्मा का गोश्त खा लिया तो पुलिस पैर में छेद कर देती है। उन्होंने आगे एनकाउंटर का जिक्र करते हुए बेहद अभद्र भाषा का बार-बार प्रयोग किया।
भावुक हुए कुशवाहा
पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाकात के बाद एक बड़ा बयान जारी किया है। इस मुलाकात के बाद कुशवाहा के तेवर काफी सकारात्मक नजर आ रहे हैं और उन्होंने आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए की जीत का उद्घोष कर दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

