ODI World Cup 2027: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीत लिया है. अब अगले मिशन की तैयारी है. ये मिशन है वनडे विश्व कप 2027. अगले साल होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है. दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की धरती पर होने वाले अगले वनडे वर्ल्ड कप के लिए ठीक वैसी ही चाल चली है, जिसे अपनाकर उन्होंने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता. अब गंभीर ठीक यही रणनीति 2027 के लिए दोहराना चाहते हैं.

गंभीर की इस चाल का मुख्य बिंदु जसप्रीत बुमराह हैं. टीम का प्लान साफ है कि बुमराह को चोट से बचाना और वनडे विश्व कप 2027 के लिए उन्हें तरोताजा रखना, क्योंकि वो टीम इंडिया के सबसे घातक हथियार हैं.
टीम मैनेजमेंट ने भी साफ कर दिया है कि अगले एक साल में बुमराह का पूरा ध्यान टेस्ट के साथ-साथ सिर्फ 50 ओवर के फॉर्मेट पर रहेगा. भारत के बड़े टूर्नामेंट अभियानों में बुमराह की फिटनेस बेहद अहम रहती है. यही वजह है कि टीम मैनेजमेंट ने 2027 तक उन्हें सिर्फ 50 ओवर के फॉर्मेट में ही खिलाने पर जोर दिया है.
टी20 विश्व कप 2026 में सबसे घातक बॉलर रहे बुमराह
जसप्रीत बुमराह ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत के लिए सबसे ज्यादा 14 शिकार किए. फाइनल में उन्होंने 4 विकेट निकाले और वो प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए. इस टूर्नामेंट में बुमराह ने टीम इंडिया के गेंदबाजी डिपार्टमेंट को लीड किया. इस टूर्नामेंट के लिए उन्होंने वनडे को छोड़कर सिर्फ टी20 पर फोकस किया था, जिसका नतीजा दुनिया के सामने भी है.
2023 के बाद सिर्फ टेस्ट और टी20 पर फोकस किया था
आपको जानकर हैरानी होगी कि वनडे विश्व कप 2023 के बाद बुमराह ने एक भी वनडे मैच नहीं खेला था. उन्होंने 19 नवंबर 2023 के बाद भारत के लिए कुल 42 मैच खेले, जिनमें से 21 टेस्ट और 21 टी20 मैच रहे. एक भी वनडे इसमें शामिल नहीं है. मतलब बुमराह का पूरा फोकस टी20 पर था, क्योंकि वर्ल्ड कप था और टीम इंडिया ने उनकी घातक गेंदबाजी के दम पर खिताब जीता.
वनडे विश्व कप में कितनी टीमें हिस्सा लेंगी
वनडे विश्व कप 2027 में होगा, जिसमें कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी. इन टीमों के बीच 54 मैच खेले जाएंगे. इस बार तीन देशों साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया को मेजबानी मिली है.
बुमराह को लेकर क्या है बीसीसीआई का प्लान
पीटीआई की रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि ‘भारत के किसी भी वैश्विक अभियान में बुमराह की फिटनेस हमेशा की तरह सबसे अहम रहती है, इसलिए टीम प्रबंधन को प्रारूपों को प्राथमिकता देते हुए बेहद सावधानी बरतनी होगी. वह निश्चित रूप से टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे, लेकिन सीमित ओवरों में 50 ओवर के विश्व कप चक्र में उनका ध्यान ज्यादा एकदिवसीय मैचों पर रहेगा.’
वनडे विश्व कप 2027 से पहले टीम इंडिया के पास कितने वनडे?
फिलहाल टीम इंडिया के खिलाड़ी आईपीएल 2026 खेलेंगे, जो 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है. आईपीएल 2026 के बाद वनडे विश्व कप 2027 के बीच टीम को 25 से 30 वनडे मैच खेलना है. इन मैचों के दौरान ही विश्व कप की तैयारी करनी है. टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने ऐलान कर दिया है कि वो आईपीएल 2026 के ठीक बाद वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुट जाएंगे. गंभीर ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में आयोजित होने वाले विश्व कप में कई उछाल भरी पिचें देखने को मिल सकती हैं, इसलिए इन परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पहचान की जाएगी.
गंभीर बोले- आईपीएल 2026 के बाद तैयार होगा वर्ल्ड कप का ब्लूप्रिंट
गौतम गंभीर ने वनडे विश्व कप 2027 की तैयारियों पर कहा, ‘दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट खेलने के लिए आसान जगह नहीं है. हमें टीम कॉम्बिनेशन पर काम करना होगा. उन खिलाड़ियों को चुनना होगा जो वहां की परिस्थितियों से परिचित हों. चयनकर्ता और कोच यह काम करेंगे. 2026 IPL खत्म होने तक भारत के पास 2027 वनडे विश्व कप के लिए एक ब्लूप्रिंट तैयार होगा.’ इसी ब्लूप्रिंट में बुमराह को सिर्फ वनडे मैचों पर फोकस कराने का प्लान भी शामिल है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

