विकास कुमार, सहरसा। जिले के बनगांव थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आज बुधवार की सुबह बनगांव थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि एक घर से तेज बदबू आ रही है और अंदर पति-पत्नी के शव पड़े होने की आशंका है।

सूचना मिलते ही बनगांव पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जब घर का दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर पुलिस और वहां आसपास के मौजद लोग हैरान रह गए। दरअसल घर के एक कमरे में पति-पत्नी का शव पड़ा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही सदर डीएसपी आलोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार परिजनों के बयान के आधार पर प्रथम दृष्टया यह हत्या और आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या कर दी और उसके बाद खुद आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही और इलाके में गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। सहरसा पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार के नेतृत्व में पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- दरभंगा में भीषण सड़क हादसा, बहन को छोड़कर घर लौट रहे युवक की मौत, परिवार का इकलौता सहारा था विजय