Bihar Crime: राजधानी पटना में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद से उसका शव भी गायब बताया जा रहा है। वहीं, मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पूरा मामला नौबतपुर थाना क्षेत्र के बड़की टेंगरैला गांव की है।

मृतका की पहचान नेहा कुमारी पति सुजीत कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जहानाबादा के सैदाबाद गांव की रहने वाली थी। साल 2024 में उसकी शादी बड़की टेंगरैला गांव निवासी बिगन मांझी के बेटे सुजीत कुमार से हुई थी।

नेहा की मां ने बताया कि, बुधवार की सुबह बेटी के ससुराल से फोन आया की नेहा ने फांसी लगा ली है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह खबर सुनते ही परिवार के लोग तुरंत बेटी के ससुराल के लिए निकले। जब, वे गांव पहुंचे तो वहां घर पर ताला लगा हुआ था। वहीं, ससुराल वालों का कुछ पता नहीं चल रहा था।

जब परिजनों ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की तो वहां मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि, कुछ लोगों ने नेहा को घर अंदर पंखे से लटके हुए देखा था। लेकिन उसके बाद क्या हुआ? लोग उसे लेकर कहां गए। इस बात की जानकारी किसी के पास नहीं है।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने नेहा की हत्या कर उसके शव को गायब कर दिया है। नेहा गर्भवती भी थी। परिजनों ने नौबतपुर थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंची और पूरे घर का निरीक्षण किया। टीम ने वहां से कई सबूत जुटाए हैं, जो जांच में काफी मददगार साबित हो सकते हैं। घटना के सबंधं में थाना प्रभारी मंजीत ठाकुर ने बताया कि, परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त हो गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि, जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- ​सारण में संदिग्ध स्थिति में मजदूर की मौत, पत्नी का आरोप- जहरीली शराब ने छीनी आंखों की रोशनी और जान