बक्सर। बिहार के बक्सर जिले अंतर्गत दानापुर-डीडीयू रेलखंड पर शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। डुमरांव रेलवे स्टेशन के पूर्वी गुमटी के समीप रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक अज्ञात महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद रेलखंड पर करीब 14 मिनट तक परिचालन बाधित रहा।

​ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा

​प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर लगभग 40 वर्षीय एक महिला, जिसने पीले रंग की साड़ी पहन रखी थी, पोल संख्या 644/14 और 644/16 के बीच डाउन मेन लाइन को पार करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान वह तेज रफ्तार ट्रेन की जद में आ गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन तब तक महिला के प्राण पखेरू उड़ चुके थे। शव ट्रैक पर होने के कारण डाउन लाइन पर ट्रेनों की रफ्तार थम गई।

​14 मिनट तक खड़ी रही सुविधा एक्सप्रेस

​हादसे का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा। डाउन लाइन बाधित होने के कारण पटना से मुंबई जाने वाली सुविधा एक्सप्रेस को डुमरांव स्टेशन पर ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकना पड़ा। जब तक ट्रैक से शव को हटाया नहीं गया, तब तक ट्रेन वहीं खड़ी रही। रेल यात्रियों को इस दौरान लगभग 14 मिनट की देरी का सामना करना पड़ा।

​शिनाख्त में जुटी रेल पुलिस

​सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल और रेलकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को पटरी से हटवाकर किनारे कराया, जिसके बाद ट्रैक को क्लियर कर परिचालन बहाल किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतका की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

​जांच के घेरे में आत्महत्या और दुर्घटना

​जीआरपी के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला किसी जल्दबाजी में दुर्घटना का शिकार हुई या यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन छानबीन कर रही है। थानाध्यक्ष का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद ही घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।