नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी से जुड़ा कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद राजधानी की राजनीति गरमा गई है। वीडियो में एक SHO के हवाले से यह दावा किया जा रहा है कि ड्रग्स और अन्य आपराधिक मामलों में पकड़े गए आरोपियों को जन प्रतिनिधियों के निर्देश पर रिहा किया जाता है। इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के संरक्षण में राजधानी में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है। सौरभ भारद्वाज(Saurabh Bhardawaj) ने सवाल उठाया कि यदि पुलिस स्तर पर इस तरह के आरोप सामने आ रहे हैं, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

AAP के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि पुलिस अधिकारी खुद यह कह रहे हैं कि नशे के कारोबारियों और अपराधियों को पकड़ने के बाद उन्हें ऊपर से आदेश मिलने पर छोड़ना पड़ता है। उन्होंने लिखा, “एसएचओ कह रहे हैं कि हम लोग अपराधियों को पकड़ते हैं, लेकिन सीएम से आदेश आता है और उन्हें छोड़ना पड़ता है। हमारे हाथ कटे हुए हैं।”

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के संरक्षण में राजधानी में नशे और अपराध का नेटवर्क चल रहा है। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि यह खुलासा खुद पुलिस अधिकारियों की ओर से सामने आ रहा है। इस मुद्दे को और उठाते हुए भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अपराध और नशे की समस्या तेजी से बढ़ रही है। “कई इलाकों में खुलेआम नशा बेचा जा रहा है। पुलिस तस्करों को पहचानती है, इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही,” उन्होंने आरोप लगाया।

CM रेखा गुप्ता पर अपराधियों को बचाने का आरोप

AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि हत्याकांड के बाद इलाके की महिलाएं पुलिस थाने पहुंचीं और SHO से सवाल किया कि जब सीसीटीवी में आरोपी साफ नजर आ रहे हैं, तो उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं की गई। भारद्वाज के मुताबिक, SHO ने कथित तौर पर जवाब दिया कि जब भी पुलिस नशेड़ियों और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करती है, तो उन्हें ऊपर से दबाव के चलते छोड़ना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि “दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर साफ-साफ कह रहे हैं कि जब-जब हम इन बदमाशों को पकड़ते हैं, तब-तब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के यहां से इन्हें छोड़ने का आदेश आ जाता है।” AAP नेता ने यह भी कहा कि राजधानी में नाबालिग बच्चों को नशे की लत लगाकर उनसे आपराधिक गतिविधियां कराई जा रही हैं। उनका आरोप है कि “200 रुपए की पुड़िया देकर बच्चों से खुलेआम गोलीबारी और चाकूबाजी कराई जा रही है।”

दिल्ली पुलिस ने पेश की सफाई

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित पुलिस अधिकारी के वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। इस मामले में उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वीडियो भारत नगर पुलिस स्टेशन से जुड़ा बताया जा रहा है। डीसीपी आकांक्षा यादव के अनुसार, वीडियो में एक पुलिस अधिकारी यह आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहा है कि राजनीतिक प्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के कारण नशे और अन्य आपराधिक मामलों में शामिल आरोपियों को छोड़ना पड़ता है।

इंस्पेक्टर राजीव ने की गैर जिम्मेदाराना टिप्पणी – DCP

सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित पुलिस अधिकारी के वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिए गए बयान गैर-जिम्मेदाराना हैं और दिल्ली पुलिस के आधिकारिक रुख का प्रतिनिधित्व नहीं करते। डीसीपी के अनुसार, इंस्पेक्टर राजीव, जो अशोक विहार में एटीओ के पद पर तैनात थे और भारत नगर थाने के SHO का कार्यभार देख रहे थे, ने यह टिप्पणी अपनी निजी हैसियत से की थी। उन्होंने कहा कि यह बयान तथ्यों के आधार पर गलत है और इससे पुलिस की छवि प्रभावित हुई है। दिल्ली पुलिस ने मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारी को पद से हटा दिया है और उन्हें ‘लाइन हाजिर’ कर दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m