पटना। राजधानी के आलमगंज थाना क्षेत्र में ईद की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां कपड़ों और पैसों के मामूली विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी पति मोहम्मद सोनू ने वारदात को अंजाम देने से पहले अपने दो मासूम बच्चों को कमरे में बंद कर दिया, ताकि कोई शोर न सुन सके। मृतका की पहचान 24 वर्षीय जेबा खातून के रूप में हुई है।
नए कपड़ों को लेकर शुरू हुआ था विवाद
परिजनों के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह आर्थिक तंगी और ईद के अवसर पर नए कपड़ों की मांग थी। जेबा ने ईद पर बच्चों और खुद के लिए नए कपड़ों की जिद की थी, लेकिन ऑटो चालक सोनू के पास पैसे नहीं थे। इसी बात को लेकर सुबह से ही दोनों के बीच कहासुनी हो रही थी। शाम को जब सोनू घर लौटा, तो विवाद इतना बढ़ गया कि उसने आपा खो दिया और जेबा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहुलूहान कर दिया।
बच्चों को कैद कर वारदात को दिया अंजाम
मृतका के भाई मोहम्मद साबिर ने बताया कि आरोपी ने बड़ी ही बेरहमी से घटना को अंजाम दिया। उसने अपने 5 साल के बेटे और 2 साल की बेटी को कमरे में बंद कर दिया ताकि वे बीच-बचाव न कर सकें। हमले के बाद जब जेबा फर्श पर गिर गई, तो सोनू मौके से फरार हो गया। काफी देर बाद जब बच्चे कमरे से बाहर निकले, तब पड़ोसियों और मौसी को घटना का पता चला। अस्पताल ले जाते समय जेबा ने दम तोड़ दिया।
दोहरी पहचान और आधार कार्ड का रहस्य
इस हत्याकांड ने एक नया मोड़ तब लिया जब मृतका के भाई ने सोनू की पहचान पर गंभीर सवाल उठाए। आरोप है कि मोहम्मद सोनू ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर सोनू यादव के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवा रखा था। परिवार अब प्रशासन से इस बात की भी जांच की मांग कर रहा है कि उसने नाम बदलकर पहचान क्यों छिपाई और वह किस मंशा से इस फर्जी पहचान के साथ रह रहा था।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
आलमगंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल आरोपी पति फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

