कुंदन कुमार/प्रयागराज/पटना। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (संगम नगरी) में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जिसने कई परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दिया है। फाफामऊ क्षेत्र स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस के टैंकर फटने से पूरी इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस हृदयविदारक घटना में अब तक 4 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जिनमें से तीन मजदूर बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले थे।
बम धमाके जैसा शोर और मलबे का ढेर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे जब मजदूर भोजन के बाद विश्राम कर रहे थे, तभी अचानक एक कान फाड़ देने वाला धमाका हुआ। आवाज इतनी भीषण थी कि स्थानीय लोगों को लगा जैसे कोई बड़ा बम फटा हो। धमाके के साथ ही कोल्ड स्टोरेज की छत और दीवारें ढह गईं। मलबे के नीचे करीब 20 मजदूर दब गए। मृतक बिलट चौधरी के पुत्र दीपक ने रुंधे गले से बताया कि उसके पिता वहीं सो रहे थे जब अचानक मौत ने उन्हें घेर लिया।
बिहार के सहरसा में पसरा मातम
हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि जान गंवाने वाले 4 में से 3 मजदूर बिहार के सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड (गौरदहा पंचायत) के थे। मृतकों की पहचान बिलट चौधरी (35), मछिन्द्र सादा (25) और ज्योतिष कुमार (21) के रूप में हुई है। मृतकों में सगे मामा-भांजे भी शामिल हैं। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। रोजगार की तलाश में प्रदेश गए इन मजदूरों की मौत ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
सीएम नीतीश कुमार ने की बड़ी घोषणा
इस घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही, सीएम ने दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त को निर्देश दिया है कि मृत मजदूरों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके पैतृक गांव लाने की समुचित व्यवस्था की जाए। घायल मजदूरों के समुचित इलाज के लिए भी प्रशासन को निर्देशित किया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और कानूनी शिकंजा
हादसे के बाद एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे से 16 घायलों को निकाला, जिनका उपचार जारी है। प्रशासन ने इस मामले में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद उर्फ पहलवान सहित 12 लोगों के खिलाफ फाफामऊ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

