प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पति की आंखों के सामने उसकी पत्नी पर ट्रेन मौत बनकर दौड़ी। दरअसल पूरा मामला कुदरा रेलवे स्टेशन के पश्चिम पोल संख्या 598/6 और 598/5 के बीच का है। जहां, पूर्वा एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बिहार के भागलपुर जिला अकबरनगर थाना क्षेत्र के सीढ़ी गांव निवासी शदिक खान कि पत्नी अकतीमा हदीस के रूप में हई है।

पत्नी की मौत पर छलका पति का दर्द

पत्नी की मौत के बाद मृतका के पति का दर्द छलक पड़ा। घटनास्थल पर ही वह दहाड़ मारकर रोने लगा और उसने बताया कि, उसने अपनी पत्नी को रुकने के लिए बोला था। लेकिन वह रुकी नहीं और हादसे का शिकार हो गई। पत्नी के लिए पति को रोता देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गई।

रेलवे पटरी पार करते समय हुआ हादसा

मृतिका के पति ने बताया कि, हम दंपति कुदरा स्टेशन से पश्चिम रेलवे पटरी को पार कर रहे थे। उसने बताया कि वह पहले रेलवे पटरी को पार कर गया। फिर उसकी पत्नी भी रेलवे पटरी पार करने लगी, तभी उसकी नजर आती ट्रेन पर पड़ी, जिसके बाद उसने चिल्लाकर पत्नी को रेलवे पटरी पार करने से मना किया। इस दौरान उसकी पत्नी का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि दंपति कहां जा रहे थे? इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- ​दरभंगा के ऑर्केस्ट्रा विवाद में युवक की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा, 15 पर केस दर्ज