नोएडा। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दादरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा को बड़ा चैलेंज दिया है। उन्होंने कहा कि साल लगे या सदी हम पीछे नहीं हटेंगे। हम सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ेंगे। भारतीय जनता पार्टी को उम्मीद नहीं होगी। उम्मीद से अधिक सीटें समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन उत्तर प्रदेश में जीतने जा रही है। जब तक नकारात्मक विचाराधार नहीं हटेगी, तब तक हम लोग कामयाब नहीं होंगे। हमारी पार्टी ने सबसे ज्यादा विकास नोएडा में किया है। भाजपा की सरकार ने किसानों की जमीन ली, लेकिन बाजार भाव से मुआवजा नहीं दिया। समाजवादी सरकार बनने पर विकास के लिए जब किसानों की जमीन लेंगे तो बाजार भाव से मुआवजा देंगे।

भाजपा सरकार ने किसानों की जमीन ली

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के फैसलों से जनता को दुःख और तकलीफ मिली है। भाजपा ने तमाम बार जनता को धोखा दिया है। प्रधानमंत्री जी रैलियों और सभाओं में बहुत बातें करते हैं लेकिन महंगाई, बेरोजगारी, रसोई गैस सिलेण्डर की किल्लत, की बातें नहीं करते हैं। भाजपा की सरकार ने किसानों की जमीन ली, लेकिन बाजार भाव से मुआवजा नहीं दिया। समाजवादी सरकार बनने पर विकास के लिए जब किसानों की जमीन लेंगे तो बाजार भाव से मुआवजा देंगे।

जेवर एयरपोर्ट में जिनकी जमीनें गयी है, वे जानते है कि सरकार ने उन्हें धोखा दिया, बाजार भाव से मुआवजा नहीं दिया। कानून का भी लाभ किसानों को नहीं दिया। समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर पहले पंचायत व्यवस्था की तरह गांवों को अर्बन यूनिट मानकर अधिकार देने का काम करेंगे।

READ MORE: महिला सशक्तिकरण और रोजगार को बढ़ावा: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को CM योगी देंगे स्मार्टफोन, सेवा और संवेदना दोनों होंगी सशक्त

जमीन का मुआवजा नहीं बढ़ाया

अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा नौ साल से सरकार में है लेकिन जमीन का मुआवजा नहीं बढ़ाया। जिस तरह का मुआवजा समाजवादी सरकार में मिलता था, वैसा इस सरकार ने कभी नहीं दिया। इस सरकार में समाजवादी पार्टी की सरकार की तरह न तो 64 फीसदी अतिरिक्त मुआवजा दिया और न 4 फीसदी प्लाट दिया। कालोनियों को नियोजित नहीं किया। उन्होंने जनता से बदलाव की अपील करते हुए कहा कि बदलाव से ही यूपी का भाग्य बदलेगा। भाजपा सरकार निवेश का झूठा दावा करती है। सरकार बताती है कि 50 लाख करोड़ का एमओयू हुआ लेकिन जमीन पर कुछ नहीं उतरा, 5 परसेंट के नाम पर अपनी जेबें भरते रहे। नौजवानों के लिए रोजगार नहीं है। पढ़े-लिखे नौजवानों को नौकरियां नहीं मिल रही है। समाजवादी सरकार नौजवानों की पढ़ाई को व्यवस्थित करेगी, ट्रेनिंग देगी, नए तरह की नौकरियों के लिए काम किया जाएगा।

READ MORE: गोंडा में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 3 लोगों की मौत

सामाजिक न्याय का राज लाने का आह्वान

सपा मुखिया ने कहा कि दादरी में केवल रैली नहीं हो रही है, यह सामाजिक न्याय का राज लाने का आह्वान है। हम पीडीए के लोग मिलकर सरकार बनाने जा रहे हैं। आज पीडीए के लोग अपना हक और मान, सम्मान पाने के लिए इकट्ठे हुए हैं। पीडीए सरकार बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संविधान के रास्ते पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना कर आगे बढ़ेगी। अखिलेश यादव ने रैली में आये सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं, आम जनता को धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस रैली में बहुत लोगों के होश उड़ा दिए हैं। समाजवादी पार्टी की रैली से पहले एक रैली हुई थी। उस रैली में लोग आये नहीं थे, लाए गए थे। सबसे बड़ी पार्टी का दावा करने वाली पार्टी को सरकार कर्मचारियों को लाना पड़ा। कॉलेज के छात्रों को बुलाया गया था।

समाजवादी पार्टी की रैली में जो लोग आये है वे भाजपा की लखनऊ और दिल्ली की सरकार की छुट्टी कर देंगे। समाजवादी समानता भाईचारा रैली की अध्यक्षता पूर्व सांसद हरीश पाल ने की। संयोजक समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री राज कुमार भाटी रहे। समाजवादी समानता भाईचारा रैली में ऐतिहासिक भीड़ जुटी। रैली में किसान, नौजवान, युवा और महिलाओं सहित सभी वर्गो की भारी तादात में भागीदारी रही।