Nalanda Woman Molestation: बिहार के नालंदा जिले से मानवता को कलंकित करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसने पूरे जगत को शर्मसार कर दिया है। दरअसल जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला के साथ कुछ युवकों ने सरेआम बदसलूकी की और घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। घटना को लेकर कांग्रेस ने बिहार की एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
राशन का सामान लेने गई थी महिला
पूरी घटना बीते 26 मार्च की बताई जा रही है, जब पीड़ित महिला घर का सामान लाने के लिए पास के किराने के दुकान पर गई हुई थी। दुकान से लौटते समय रास्ते में कुछ मनचलों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और उसके साथ न सिर्फ अश्लील हरकत की बल्कि इसका वीडियो भी बनाया, सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि इस बात को लेकर युवकों में जरा सा भी पछतावा नहीं है। वहीं, दूसरी ओर बेबस महिला उनके चुंगल से छुटने का प्रयास करती हुई नजर आ रही है। वह चिल्लाती रही और उनसे लड़ते हुए अपनी इज्जत बचाती रही, लेकिन इस दौरान वहां मौजूद किसी ने भी उसकी मदद नहीं की।
दो नामजद आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता ने इस मामले में 27 मार्च को प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसे संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने घटना में शामिल दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस बीच आरोपियों ने महिला के साथ हुई बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसे लेकर अब सियासी माहौल भी गरमाता हुआ नजर आ रहा है।
कांग्रेस ने बताया शर्मनाक और डरावना
बिहार कांग्रेस सोशल मीडिया एक्स पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा है। बिहार कांग्रेस ने लिखा कि, बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने से पहले ही, बिहार में नीतीश कुमार के गृह जिले से हुई मणिपुर जैसी दरिंदगी की शुरुआत। बिहार कांग्रेस ने वायरल वीडियो को बहुत ही शर्मनाक और डरावना बताया।
हमारे चरित्र पर काला धब्बा- राजेश राम
प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि, नालंदा में हुई घटना बेहद घृणित, सम्पूर्ण मानवता के लिए शर्मनाक एवं अपमानजनक है। इस घटना ने पूरी दुनिया में बिहार को शर्मसार करने का काम किया है। यह घटना एक समाज के रूप में हमारे चरित्र पर काला धब्बा तो है ही, लेकिन सवाल कानून-व्यवस्था पर भी है। सवाल जाने वाली और आने वाली सरकार पर भी है।
राजेश राम ने आगे कहा कि, नीतीश कुमार के जाने और भाजपाई राज के आने की खबर मात्र से गुंडे, अपराधी, माफिया पुनः सिर उठाने लगे हैं। मुख्यमंत्री के गृह जिले से ही उन्होंने अपनी मौजूदगी का ऐलान कर पूरे बिहार को आने वाले कल का दृश्य दिखा दिया है। बता दें कि कांग्रेस के अलावा राजद ने भी इस घटना का वीडियो शेयर कर बिहार सरकार पर हमला बोला है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

