अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर आज बुधवार (1 अप्रैल) को हुए सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेयूरा गांव निवासी स्वर्गीय मोती साह के 22 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक घर का इकलौता चिराग था और पिता की मृत्यु के बाद घर की सारी जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी।

दस दिन बाद होने वाली थी शादी

बताया जाता है कि मृतक हिमांशु की 10 दिन बाद शादी होने वाली थी। अपनी शादी को लेकर वह खुद ही कार्ड बांटने निकला था, तभी हादसे का शिकार हो गया। दरअसल शादी को लेकर घर में उत्सव का माहौल था और रिश्तेदारों का आना भी शुरू हो गया था, लेकिन घटना के बाद परिवार की खुशी का माहौल पल भर में हीं मातम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह भी जानकारी दी गई कि मृतक चार बहनों का इकलौता भाई था।

अज्ञात वाहन से हुई टक्कर

घटना के संदर्भ में शिवसागर थाने की पुलिस ने बताया कि थाने से महज एक किलोमीटर दूर एचपी पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल एक बाइक सवार युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई चल रही है।

ये भी पढ़ें- ​पति की हत्या के बाद पत्नी ने भी दी जान, जहर खाने से हुई मौत, दो बच्चों की हालत गंभीर