Bihar Politics: सीएम नीतीश द्वारा एमएलसी पद से इस्तीफा देने के बाद से बिहार की सियासत गर्म है। नीतीश कुमार के बाद बीजेपी नेता और मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में सबसे आगे चल रहा है। हालांकि इस बीच पूर्व सांसद आनंद मोहन ने एक ऐसा बयान दे दिया है, जिससे यह कयास लगाया जा रहा है कि सीएम की रेस में होने के बाद भी सम्राट चौधरी को बड़ा झटका लग सकता है।

बीजेपी में निकलती है पर्ची- आनंद मोहन

दरअसल मुजफ्फरपुर पहुंचे आनंद मोहन से जब मीडिया ने यह सवाल किया कि, आप बिहार का अगला मुख्यमंत्री किसे देखना चाहते हैं? इसपर उन्होंने कहा कि, आपके-हमारे देखने से क्या होगा? सभी जानते हैं कि बीजेपी में पर्ची निकलती है। किसके भाग्य से कौन पर्ची निकलती है, इसका इंतजार कीजिए।

बीजेपी पर वादा नहीं निभाने का आरोप

इस दौरान आनंद मोहन बीजेपी पर बिना नाम लिए तंज कसते हुए भी नजर आए। उन्होंने कहा कि, मुख्य बात है कि आपने क्या कहकर वोट मांगा? 2025 से 30 फिर से नीतीश, यही तो नारा था। अचानक कौन सी आफत आ गई? लोग तो चाहते हैं कि आपने वादा किया (2025 से 2030 तक का) तो इसको पूरा करना चाहिए।

जदयू से अधिक बीजेपी को होगा नुकसान

आनंद मोहन कहा कि, अगर ये दबाव में लिया गया फैसला है, तो जिन लोगों ने ऐसा किया है। इससे जदयू को नुकसान तो होगा ही भविष्य में सबसे बड़ा नुकसान बीजेपी को होगा। उन्होंने आगे कहा कि, क्योंकि जो पिछड़ा, अतिपिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वोट है, ये बीजेपी का नहीं है। नीतीश कुमार के माध्यम से बीजेपी को मिलता रहा है। ऐसे में इसका नुकसान बीजेपी को हो सकता है। इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में एसएसपी से की मुलाकात

आपको बता दें कि बीते दिनों मुजफ्फरपुर के अहियापुर में अपराधियों द्वारा एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कल गुरुवार को आनंद मोहन इसी सिलसिले में मुजफ्फरपुर के एसएसपी से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से हत्याकांड के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान यह सभी बातें कही।

ये भी पढ़ें- नालंदा पहुंचे पप्पू यादव ने पीड़िता के परिजनों से की मुलाकात, 50 हजार की आर्थिक मदद करते हुए पति से की यह अपील