सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब से हुई मौत के मामले ने अब राजनितिक तूल पकड़ लिया लिया है। आज सोमवार (6 अप्रैल) को पीड़त परिवार से मिलने बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सह राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी मोतिहारी पहुंचे। इस दौरान उनके साथ राजद के पूर्व विधायक मनोज यादव डॉ. शमीम अहमद, राजेंद्र राम, शशि सिंह के अलावे कई नेता मौजूद रहें।

पीड़ितों के परिजनों से की मुलाकात

इस दौरान उदय नारायण चौधरी के साथ सभी नेताओं ने तुरकौलिया समेत उन सभी गांवों में घूमकर पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की और उनके प्रति संवेदनाएं जाहिर की, जहां-जहां जहरीली शराब का सेवन करने से लोगों की मौत हुई है। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से घटना के बारे में जानकारी भी ली और बिहार सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।

अब तक 300 लोगों की मौत- राजद नेता

उदय नारायण चौधरी ने कहा कि, सरकार के इस गलत शराबबंदी कानून के चलते अब तक 300 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने इन सभी मौतों का जिम्मेदार सरकार को ठहराया और सरकार पर ही मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि, उनके नेता (एनडीए) भी कह रहे हैं कि शराबबंदी कानून की समीक्षा होनी चाहिए। तो कोई बताए की समीक्षा से क्या सरकार उन परिवारों के सुहाग को लौटा देगी? क्या जिनकी आंखों की रोशनी चली गई है। क्या उसके आंख की रौशनी लौटा देगी सरकार?

लालू यादव को तो सिर्फ बदनाम किया…

इस मौके पर उन्होंने कहा कि, लालू यादव को तो लोगों ने सिर्फ बदनाम किया। लेकिन सही में जंगलराज तो इस सरकार में है, जहां कानून थोप दिया गया और दूसरे राज्य से टैंकर आ जा रहा है। इस हमाम में सब मिलकर लूट रहे हैं। बता दें कि कल 5 अप्रैल 2026 को शराबबंदी को पूरे 10 साल हो गए। इस मौके पर आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया एक्स पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट करते हुए बिहार सरकार पर निशाना साधा है।

अब तक 9 लोगों की मौत, कई अस्पताल में भर्ती

एक तरफ भले ही नीतीश सरकार शराबबंदी को सफल बता रही हो, लेकिन हालात ठिक इसके उलट है। प्रदेश में रोजाना कहीं न कहीं से शराब पीने से मौत और तस्करी के मामले सामने आते ही रहते हैं। मोतिहारी की बात करे तो जिले में बीते 1 अप्रैल से आज 6 अप्रैल तक जहरीली शराब का सेवन करने से 9 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, दो दर्जन से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती है, जिनका इलाज जारी है। इनमें से कुछ के आंखों की रोशनी भी चली गई है।

ये भी पढ़ें- खरगे के ’56 इंच की छाती’ वाले बयान पर गरमाई सियासत, मंत्री अशोक चौधरी ने किया तगड़ा पलटवार