प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले के मोहनिया नगर स्थित चांदनी चौक पर बुधवार को उस समय रणक्षेत्र जैसी स्थिति बन गई, जब इंडेन गैस एजेंसी के कर्मचारियों और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद सड़क पर आ गया। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर ने बिना कनेक्शन के मुफ्त सिलेंडर की मांग पूरी न होने पर एजेंसी की गाड़ियों के ताबड़तोड़ चालान काट दिए। इसके विरोध में एजेंसी कर्मियों ने बीच सड़क पर वाहन खड़े कर जाम लगा दिया।
विवाद की जड़: मुफ्त सिलेंडर का आरोप
मां दुर्गे इंडेन गैस एजेंसी के मालिक प्रदीप पटेल और मैनेजर राम शंकर झा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार पिछले तीन दिनों से बिना किसी वैध गैस कनेक्शन के सिलेंडर की मांग कर रहे थे। मैनेजर का कहना है कि जब उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए बिना कागजात के सिलेंडर देने से मना किया, तो पुलिस ने द्वेषपूर्ण कार्रवाई शुरू कर दी। मंगलवार को पहला चालान काटा गया और बुधवार सुबह फिर गाड़ी रोककर बदसलूकी की गई।
मैनेजर का आरोप: लाइसेंस दिखाने पर भी की बदतमीजी
एजेंसी मैनेजर राम शंकर झा के अनुसार, जब मैं गैस वितरण के लिए जा रहा था, तब पुलिस ने मुझे रोककर लाइसेंस मांगा। लाइसेंस दिखाने पर उन्होंने उसे स्पष्ट न होने का बहाना बनाया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए चालान काट दिया। इसी कार्रवाई से आक्रोशित होकर कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए और चांदनी चौक को पूरी तरह जाम कर दिया।
पुलिस का पक्ष: नियमों के तहत हुई कार्रवाई
दूसरी ओर, आरोपों के केंद्र में रहे सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि वे नियमित वाहन जांच कर रहे थे और बिना सीट बेल्ट व बिना हेलमेट वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही थी। उन्होंने एजेंसी के आरोपों को बेबुनियाद और कार्रवाई से बचने का एक तरीका बताया।
प्रशासनिक दखल और जांच का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक चेकिंग के दौरान गैस एजेंसी के वाहनों के पास जरूरी दस्तावेज नहीं पाए गए थे, जिसके कारण जुर्माना लगाया गया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा बिना कनेक्शन सिलेंडर मांगे जाने का मामला जांच का विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी। फिलहाल, प्रशासन की समझाइश के बाद जाम को हटा दिया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

