Sports News – Babar Azam: 9 अप्रैल की रात बाबर आजम ने इतिहास रचा है. उन्होंने PSL 2026 में खेलते हुए पेशावर जाल्मी के लिए नाबाद 87 रन ठोके और टी20 क्रिकेट में बहुत बड़ा कमाल कर दिया.

Babar Azam: बाबर आजम इस वक्त चर्चा में हैं. PSL 2026 में पेशावर जाल्मी टीम के लिए खेल रहे बाबर टी20 क्रिकेट में एक खास मामले में सबसे आगे निकल चुके हैं. उन्होंने दिग्गज क्रिस गेल का महारिकॉर्ड तोड़कर वो मुकाम हासिल कर लिया है, जो अपने आप में अजूबे की तरह है. यह कमाल कुछ और नहीं, बल्कि टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 12000 रन पूरे करने का है, जिसमें बाबर अब नंबर 1 पर काबिज हो चुके हैं. उन्होंने सबसे कम पारियों में यह मुकाम हासिल करके न सिर्फ क्रिस गेल की बादशाहत खत्म की, बल्कि भारतीय दिग्गज विराट कोहली को भी काफी पीछे छोड़ दिया है.
क्रिस गेल ने अपने करियर में 12000 टी20 रन पूरे करने के लिए 343 पारियां ली थीं, जबकि बाबर ने मात्र 351वें मैच का सहारा लिया. उन्होंने 338 पारियों में इस मुकाम को हासिल किया है. 351 टी20 मैचों की 338 पारियों में बाबर 12074 रन बना चुके हैं, जिनमें 99 फिफ्टी और 11 शतक दर्ज हैं. उन्होंने 227 चौके और 171 छक्के मारे हैं.
PSL 2026 में कराची किंग्स के खिलाफ पेशावर जाल्मी की ओर से खेलते हुए बाबर आजम ने 51 गेंदों में नाबाद 87 रनों की पारी खेली. इस पारी के दौरान उन्होंने जैसे ही अपना 12,000वां रन पूरा किया, क्रिकेट के आंकड़े बदल गए. इससे पहले यह वर्ल्ड रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 343 पारियों में 12 हजार रन पूरे किए थे. बाबर ने गेल से 5 पारियां पहले ही यह कारनामा कर दिखाया.
बाबर से आगे मलिक का नाम
पाकिस्तान की ओर से अब तक केवल दो ही बल्लेबाज 12 हजार रनों का आंकड़ा पार कर सके हैं. पहला नाम शोएब मलिक का है, जिन्होंने 13,571 रन बनाए हैं, जबकि दूसरा नाम अब बाबर का है, जो 12,074 रन बना चुके हैं. अगर ओवरऑल दुनिया की बात करें तो टी20 क्रिकेट के इतिहास में सर्वाधिक रनों का विश्व रिकॉर्ड आज भी वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 463 मैचों में 14,562 रन बनाए हैं.
मैच का हाल
जिस मैच में बाबर आजम ने यह मुकाम हासिल किया, उसमें उनकी टीम पेशावर जाल्मी ने कराची किंग्स को 159 रनों के बड़े अंतर से हराया. यह PSL 2026 का 17वां मैच था. बाबर आजम की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 246 रन बनाए. बाबर के 87 रनों के अलावा कुसल मेंडिस ने 52 बॉल पर 109 रन ठोके थे, जबकि आखिर में अब्दुल समद ने 12 बॉल पर 4 छक्के और 3 चौके लगाकर 40 रन बनाए. 246 रनों के जवाब में कराची की टीम 16.1 ओवर में 87 रनों पर सिमट गई.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

