गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर क्षेत्र में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ।
प्रदर्शन के दौरान उपद्रव करने के आरोप में पुलिस ने 56 लोग को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार शाम को पुलिस ने इन सभी आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भौंडसी जेल भेज दिया गया है।
उत्तर प्रदेश और बिहार के आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अधिकांश व्यक्ति उत्तर प्रदेश और बिहार के निवासी हैं।
वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल
गौरतलब है कि बीते गुरुवार को वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे कर्मचारियों की पुलिस के साथ तीखी झड़प हो गई थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की मोटरसाइकिल और अन्य गाड़ियों में तोड़फोड़ की, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस संघर्ष में कुछ कर्मचारी घायल भी हुए थे।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और हिरासत में लिए गए कुछ अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। उपद्रवियों की पहचान के लिए पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज का सहारा ले रही है। एहतियात के तौर पर मानेसर क्षेत्र में वर्तमान में धारा 163 लागू है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

