झज्जर। हरियाणा के झज्जर में हुए फाइनेंसर साहिल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को दिल्ली बॉर्डर के पास एक मंदिर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद नजफगढ़ के पास ढांसा गांव के एक मंदिर में छिपे हुए थे। इस मामले में पुलिस अब तक कुल छह आरोपियों को पकड़ चुकी है।

जांच के अनुसार, हत्या के पीछे दो मुख्य कारण सामने आए हैं। पहला कारण आपसी रंजिश और अपमान का बदला लेना था। कुछ समय पहले आरोपी योगेश उर्फ योगी की सरेराह पिटाई हुई थी, जिसका वीडियो साहिल ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। दूसरा कारण पैसों का लेनदेन था।

आरोपी संदीप उर्फ लीला ने साहिल से 22 लाख रुपये उधार लिए थे। साहिल इन पैसों को वापस करने के लिए लगातार दबाव बना रहा था, जिससे बचने के लिए लीला ने योगेश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने साहिल को रास्ते से हटाने के लिए शिवम नाम के व्यक्ति को ढाई लाख रुपये की सुपारी दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार साहिल के शरीर से 11 गोलियां बरामद की गई हैं।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि इस हत्याकांड का किसी भी गैंग से कोई संबंध नहीं है, यह पूरी तरह से पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद का मामला है। गिरफ्तार किए गए अन्य चार आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।