सोनीपत। सोनीपत जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को वितरित की गई चॉकलेट में कीड़े मिलने का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह चॉकलेट आंगनबाड़ी केंद्रों से लाभार्थी महिलाओं को घर-घर वितरित की गई थी। जब कुछ महिलाओं ने पैकेट खोले तो उसमें कीड़े पाए गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


चॉकलेट में इसी महीने की एक्सपायरी डेट
बताया जा रहा है कि चॉकलेट के पैकेट पर इसी महीने की एक्सपायरी डेट अंकित थी, जिससे गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था को लेकर संदेह और गहरा गया है।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें चॉकलेट के अंदर कीड़े साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


स्वास्थ्य विभाग ने दिए जाँच के आदेश
लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से दिया जाने वाला पोषण आहार गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए होता है, लेकिन इस तरह की लापरवाही गंभीर खतरे को जन्म दे सकती है।घटना के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों ने चॉकलेट के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में स्टॉक की जांच के निर्देश जारी किए हैं।
फिलहाल प्रशासन का कहना है कि दोषी सप्लायर और संबंधित कर्मचारियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।