यमुनानगर: जिले के मांडेवाला गांव के पास तेंदुए द्वारा शिकार किए जाने का एक लाइव वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक तेंदुआ अपने जबड़े में शिकार दबाए हुए ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी पर चढ़ता दिखाई दे रहा है। वहां मौजूद एक राहगीर ने इस पूरे दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद से यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गौशाला के पास देखा गया तेंदुआ

जानकारी के मुताबिक, यह वायरल वीडियो मांडेवाला गांव स्थित गौशाला के पास का बताया जा रहा है। तेंदुए की सक्रियता की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। लोगों ने अपने बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों ने एक-दूसरे को सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है।

वन क्षेत्र से सटे इलाकों में बढ़ा खतरा

यमुनानगर का कलेसर नेशनल पार्क और उससे सटे वन क्षेत्र तेंदुओं के प्राकृतिक आवास माने जाते हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि भोजन की तलाश में अक्सर ये जंगली जानवर रिहायशी इलाकों का रुख कर लेते हैं। हालांकि, इस तरह शिकार के साथ तेंदुए का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग को भी सूचित कर दिया गया है ताकि गश्त बढ़ाई जा सके।