भिवानी/हिसार। हरियाणा में सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं और गर्मी ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के बेहद करीब पहुंच गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, फरीदाबाद 39.4°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। गर्मी का आलम यह है कि हरियाणा के 7 प्रमुख शहरों में पारा 38 डिग्री के पार जा चुका है।

इन शहरों में सबसे ज्यादा गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में औसतन 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फरीदाबाद के अलावा हिसार में 38.8°C, भिवानी और गुरुग्राम में 39.0°C, सिरसा में 38.9°C जबकि सोनीपत और रोहतक में 38.5°C तापमान दर्ज किया गया। दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। नारनौल और भिवानी में न्यूनतम तापमान 21.5°C तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को रात में भी उमस का अहसास होने लगा है।

17 अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 16 अप्रैल तक मौसम खुश्क रहेगा, जिससे तापमान में और इजाफा हो सकता है। हालांकि, 17 और 18 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम बदलेगा। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जिसका असर पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा में अधिक देखने को मिल सकता है।

किसानों के लिए एचएयू की जरूरी सलाह

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों और पशुपालकों के लिए एडवाइजरी जारी की हैकिसान गेहूं की कटाई और मड़ाई का काम सुबह-शाम करें। तेज हवा और बारिश की संभावना को देखते हुए कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर ढक कर रखें। सब्जियों और फलों की फसलों में जरूरत के मुताबिक हल्की सिंचाई जारी रखें। पशुओं को सीधी धूप से बचाएं और उनके लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें।

बता दें कि 20 अप्रैल तक मौसम परिवर्तनशील रहने के आसार हैं। 15 और 16 अप्रैल को आसमान साफ रहने से लू जैसे हालात बन सकते हैं, इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलते वक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।