रेवाड़ी। शहर के दिल्ली रोड स्थित एक ऑयल मिल में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के पेट पर किसी नुकीली चीज के गहरे निशान मिले हैं। सूचना के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस सहित सीआईए की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की।
तीन दिन पहले ही काम पर आया था युवक
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुंदर लाल निवासी कोटपुतली, राजस्थान के रूप में हुई है। सुंदर लाल करीब तीन दिन पहले ही अपने बुआ के लड़के के साथ काम की तलाश में रेवाड़ी आया था। मंगलवार रात करीब 12 बजे वह मिल में काम के लिए पहुंचा था। बुआ के लड़के के मुताबिक, दोनों ने रात में साथ खाना खाया और फिर अपने कमरे में सोने चले गए थे।
कमरे में पड़ा मिला खून से लथपथ शव
बुधवार सुबह जब सुंदर लाल काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला, तो उसके साथी ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब दरवाजे को धक्का देकर खोला गया, तो अंदर सुंदर लाल का खून से लथपथ शव पड़ा था। युवक के पेट पर किसी नुकीली चीज (पंखी) के दो निशान पाए गए हैं। घटना की जानकारी तुरंत मिल मालिक और पुलिस को दी गई।
जांच में जुटी सीआईए और सीएफएसएल की टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सुरेंद्र श्योराण, मॉडल टाउन थाना पुलिस और सीआईए रेवाड़ी, धारूहेड़ा व कोसली की टीमें मौके पर पहुंचीं। साक्ष्य जुटाने के लिए सीएफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या, दोनों ही पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशानों की गहनता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मिल में लगे सीसीटीवी कैमरों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

