अजय सैनी, भिवानी। बिहार की राजनीति में आए बड़े बदलाव और सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने पर देशभर के विभिन्न सामाजिक संगठनों में हर्ष का माहौल है। इसी कड़ी में बुधवार को सामाजिक संगठनों द्वारा स्थानीय चौखानी स्टेट में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां कार्यकर्ताओं और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने लड्डू बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।


खुशी के इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया। संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि एक ऊर्जावान और ओबीसी समाज के जुझारू नेता को बिहार की कमान सौंपकर प्रधानमंत्री ने पिछड़ों और वंचितों के मान-सम्मान को नई ऊंचाइयां दी हैं।


वहीं उन्होंने संयुक्त रूप से कहा कि सम्राट चौधरी की छवि एक बेहद ईमानदार और स्पष्टवादी नेता की रही है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी ने डिप्टी सीएम रहते हुए भी अपनी कार्यकुशलता को साबित किया था। बिहार में भाजपा को सत्ता के शिखर तक पहुंचाने में उनका योगदान अतुलनीय है। हमे पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में बिहार अब अनुशासन और सुशासन की नई मिसाल पेश करेगा।

कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि सम्राट चौधरी के पास ना केवल संगठन चलाने का अनुभव है, बल्कि वे शासन की बारीकियों को भी बखूबी समझते हैं। उन्होंने कामना की है कि उनके मुख्यमंत्री बनने से बिहार में विकास की गति तेज होगी और राज्य राष्ट्रीय पटल पर एक अग्रणी भूमिका निभाएगा। जश्न के दौरान स्थानीय लोगों और समाज के सदस्यों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और नारेबाजी करते हुए सम्राट चौधरी के उज्ज्वल भविष्य की कामना ।