चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए दो आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

जारी आदेशों के अनुसार, वर्ष 2012 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज कुमार को महेंद्रगढ़ (नारनौल) के डिप्टी कमिश्नर पद से हटाकर वित्त विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। मनोज कुमार की यह नियुक्ति विभाग में रिक्त पद के विरुद्ध की गई है।

वहीं, वर्ष 2018 बैच की आईएएस अधिकारी अनुपमा अंजलि को महेंद्रगढ़ का नया डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है। अनुपमा अंजलि इससे पहले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) फरीदाबाद में प्रशासक और अर्बन एस्टेट फरीदाबाद में अतिरिक्त निदेशक के रूप में कार्यरत थीं। वे महेंद्रगढ़ में मनोज कुमार का स्थान संभालेंगी।

सरकार द्वारा जारी निर्देशों में दोनों अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से अपने नए पदों का कार्यभार संभालने को कहा गया है। इस फेरबदल को सरकार की प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।