Naxal Encounter : आशुतोष तिवारी, जगदलपुर. ओडिशा-झारखंड सीमा से लगे सारंडा के घने जंगल एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठे. बुधवार को सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कोबरा बटालियन के पांच जवान घायल हो गए.

Naxalites Surrender News

जानकारी के मुताबिक, झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी. इसी दौरान जंगल में डेरा जमाने की कोशिश कर रहे माओवादियों ने जवानों को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला और दोनों ओर से लंबे समय तक गोलीबारी होती रही. इस मुठभेड़ में कोबरा 205 बटालियन के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश समेत शैलेश कुमार दुबे, उत्तम सेनापति, जितेंद्र कुमार रॉय और प्रेम कुमार घायल हुए हैं.

घायल जवानों को तत्काल बेहतर उपचार के लिए रांची एयरलिफ्ट किया गया, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस सूत्रों का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में कई माओवादी भी घायल या मारे गए हैं, हालांकि आधिकारिक पुष्टि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बलों का अभियान जारी है.