Sports News Update : Sports News Update : छत्तीसगढ़ के नंबर वन न्यूज़ पोर्टल Lalluram.com पर पढ़िए खेल जगत की हर बड़ी और अहम खबर. देश और प्रदेश में बीते दिन मैदान पर क्या रहा खास, किन टीमों ने दर्ज की जीत और किन खिलाड़ियों ने बटोरी सुर्खियां, साथ ही आज होने वाले मुकाबलों और खेल गतिविधियों पर एक नजर. पेश है स्पोर्ट्स की दिनभर की प्रमुख अपडेट.

राष्ट्रमंडल खेल : 10 में से 8 खेलों में उतरेगा भारतीय दल

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल सिर्फ आठ खेलों में ही उतरेगा. 23 जुलाई से दो अगस्त तक होने वाले खेलों में सिर्फ 10 इवेंट हैं. नेटबाल, बास्केटबाल 3*3 की टीमें भारतीय ओलंपिक संघ नहीं भेजेगा. आईओए का कहना है कि इन खेलों में टीमों के क्वालिफाइंग मानक पूरे नहीं हैं. एथलेटिक्स, जूडो, तैराकी, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, साइकिलिंग, लॉन बॉउल व जिम्नास्टिक में भारतीय भागीदारी होगी. भारत पैरा खेलों में भी तैराकी, साइकिलिंग, एथलेटिक्स, लॉन बॉउल, पावरलिफ्टिंग में उतरेगा. बास्केटबाल व्हील चेयर टीम नहीं जाएगी.

मुंबई इंडियंस को हराकर पंजाब को मिली लगातार चौथी जीत

आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) का शानदार प्रदर्शन जारी है. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को 7 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ पंजाब ने लगातार चौथी सफलता हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया, जबकि मुंबई को एक बार फिर अपनी गेंदबाजी की कमजोरियों का खामियाजा भुगतना पड़ा. पढ़ें और भी खबरें : MI vs PBKS IPL 2026 : पंजाब की लगातार चौथी जीत, मुंबई को 7 विकेट से हराकर बनी टेबल टॉपर

केकेआर को सीजन की पहली जीत की तलाश

आईपीएल 2026 का 25वां मुकाबला शुक्रवार को गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा. मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जिसे फैंस जियो-स्टार नेटवर्क पर लाइव देख सकेंगे. अजिंक्य रहाणे की अगुवाई वाली केकेआर की टीम सीजन में पहली जीत की तलाश में उतरेगी. सीजन के पांच मैचों में से चार में टीम को हार मिली है, जबकि एक मुकाबला बारिश के चलते रद्द रहा था. केकेआर पर सीजन के शुरुआती छह या उससे ज्यादा मैचों तक एक भी जीत नहीं मिलने का खतरा मंडरा रहा है. केवल मुंबई ने 2022 में लगातार आठ मुकाबले गंवाए थे. दूसरी ओर, लगातार दो मैच जीत चुकी गुजरात की टीम जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी. पिच बल्लेबाजों की मददगार है. यहां का औसत स्कोर 178 रन है.

मेसी पर 70 लाख डॉलर की धोखाधड़ी का केस

अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता फुटबालर लियोनल मेसी के खिलाफ अमेरिका में 70 लाख डॉलर की धोखाधड़ी का मुकदमा दाखिल किया गया है. मेसी पर दो मैत्री मैच खेलने के अनुबंध की शर्तें तोड़ने का आरोप है. मेसी ने इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. कोर्ट रिकॉर्ड्स के मुताबिक, पिछले महीने मियामी के एक इवेंट प्रमोटर विड म्यूजिक ग्रुप ने मुकदमा किया. वेनेजुएला और पुएर्तो रिको के खिलाफ दो प्रदर्शनी मैच खेलने का अनुबंध मेसी व अर्जेंटीना फुटबॉल संघ (एएफए) से हुआ था. शर्त थी कि मेसी दोनों मैचों में 30-30 मिनट तक खेलेंगे. आरोप है 38 वर्षीय मेसी ने 10 अक्तूबर को वेनेजुएला पर टीम की 1-0 से जीत बेंच पर बैठकर देखी, जबकि अगले दिन वे क्लब इंटर मियामी के लिए अटलांटा के खिलाफ खेलते दिखे. हालांकि मेसी 14 अक्तूबर को दूसरे प्रदर्शनी मैच में पुएर्तो रिको के खिलाफ खेले थे.

बायर्न-आर्सेनल चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में

फुटबाल क्लब बायर्न म्यूनिख ने चैंपियंस लीग क्वार्टरफाइनल में रियल मैड्रिड को दूसरे लेग में 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. लुइस डियाज (89वें मिनट) व माइकल ओलिसे (90+4) ने देर से गोल कर बायर्न को 6-4 के एग्रीगेट स्कोर से जीत दिलाई. बायर्न ने पहले लेग में 2-0 से बढ़त बनाई थी. बायर्न अब सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन से भिड़ेगा. वहीं आर्सेनल ने स्पोर्टिंग लिस्बन को 1-0 एग्रीगेट से हराकर सेमीफाइनल में एटलेटिको मैड्रिड से मुकाबला तय किया. दूसरा लेग गोलरहित ड्रॉ रहा.

आज से टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी करेगा भारत

भारतीय महिला क्रिकेट टीम शुक्रवार से दक्षिण अफ्रीका में पांच टी20 की सीरीज खेलेगी. पहला मुकाबला डरबन में रात 9:30 बजे शुरू होगा. साल 2018 के बाद यह पहला मौका है, जब भारतीय टीम अफ्रीका में द्विपक्षीय सीरीज खेलेगी. यह सीरीज जून में इंग्लैंड में शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप के लिहाज से काफी अहम रहेगी. भारत और अफ्रीका सिर्फ छठी बार किसी टी20 द्विपक्षीय सीरीज में भिड़ने जा रहे हैं. इनमें से तीन सीरीज भारत और एक अफ्रीका ने जीती है. दोनों देशों के बीच साल 2024 में भारत में हुई 3 मैच की सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी. ओवरऑल टी20 में दोनों टीमें 19 बार भिड़ी हैं, जिसमें 10 मैच भारत और 6 अफ्रीका ने जीते हैं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H