हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) में प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे, घुसपैठ और तोड़फोड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने इस घटना को लेकर दिग्विजय चौटाला समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानें क्या है मामला
पुलिस के मुताबिक, विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद लगभग 250 से 260 लोगों की भीड़ यादव धर्मशाला में एकत्र हुई और बाद में विश्वविद्यालय की ओर बढ़ गई।
आरोप है कि दोपहर करीब 12:10 बजे भीड़ ने गेट नंबर-3 पर तैनात पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की की और परिसर में जबरन प्रवेश किया। इस दौरान वीसी कार्यालय के गेट को नुकसान पहुंचाने और सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
इन धाराओं के तहत मामला हुआ दर्ज
थाना शहर हिसार में दर्ज एफआईआर में दिग्विजय चौटाला समेत अन्य के खिलाफ दंगा, आपराधिक अतिचार, लोक सेवकों के कार्य में बाधा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी धाराएं शामिल की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

