अजय सैनी, भिवानी। देश में बढ़ती जिहादी मानसिकता और लव जिहाद जैसी गतिविधियों के विरोध में शुक्रवार को बजरंग दल ने सड़कों पर उतरकर शक्ति प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने घंटाघर चौक से हांसी गेट तक रोष मार्च निकाला और राष्ट्रपति के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
बजरंग दल के प्रदेश सह संयोजक ललित और जिला सुरक्षा प्रमुख ललित लेघां ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि देश में जिहादी विचारधारा तेजी से पैर पसार रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगा, तो संगठन अपनी भाषा में जवाब देने के लिए मजबूर होगा।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव पर मंडरा रहे खतरों की ओर ध्यान आकर्षित किया। बजरंग दल ने आरोप लगाया कि लव जिहाद के षड्यंत्र के तहत हिंदू कन्याओं का शोषण किया जा रहा है। साथ ही अवैध लैंड जिहाद, आतंकी कनेक्शन और हिंदू परिवारों के उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि राष्ट्र की एकता को खंडित करने वाली इन विकृतियों को रोकने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।

