सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत के राठधाना रोड स्थित मुनमुन फार्म हाउस में शुक्रवार सुबह सनसनी फैल गई। यहां के संचालक सुमेश स्वामी और एक महिला का शव गेस्ट रूम में फंदे से लटका हुआ पाया गया।

घटना की जानकारी तब हुई जब सुमेश के बेटे मोहित ने फोन रिसीव न होने पर फार्म हाउस पहुंचकर जांच की। मोहित ने पिता और महिला को बचाने की कोशिश में फंदे की रस्सी को आग लगाकर काटा, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कमरे से शराब की बोतल और कुछ खाली पैकेट बरामद हुए हैं।

आत्महत्या का मामला मान रही पुलिस

पुलिस की शुरुआती जांच इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन मृतक महिला के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हत्या करने के बाद शवों को जानबूझकर फंदे से लटकाया गया है। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन तेज कर दी है।