अंबाला। हरियाणा के अंबाला में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे CIA टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं और मध्य प्रदेश से आई एक ट्रेन के जरिए नशीला पदार्थ लेकर आ रहे थे। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से करीब 60 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया।


5 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया


मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। इनमें से 5 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

CIA इंचार्ज ने बताया कि जांच के दौरान उन लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, जो इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।