अजय सैनी ,भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले के जूई कस्बे में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिन में अचानक अंधेरा छा गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके बाद ओलावृष्टि होने से मौसम ठंडा हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

किसानों की मेहनत पर पानी फिरने का खतरा
हालांकि, इस बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस समय किसान खेतों में फसल निकालने में जुटे हैं, ऐसे में बारिश और ओलावृष्टि से उनकी मेहनत पर पानी फिरने का खतरा मंडरा रहा है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ है। इसके प्रभाव से जिले के अन्य इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।