कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़ | मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत शिरोमणि कबीर दास के विचार आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने 15वीं शताब्दी में थे। उन्होंने कहा कि कबीर जी की शिक्षाएं आज भी मानवता को सही दिशा दिखाने का काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री पंजाब के मोहाली में संत कबीर जी के जीवन और शिक्षाओं पर आयोजित सेमिनार में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि संतों की वाणी जहां गूंजती है, वह स्थान अपने आप “सत्संग” बन जाता है, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा और शांति का संचार करता है।
आज के तनावपूर्ण माहौल में कबीर और भी जरूरी
सीएम सैनी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में, जब दुनिया संघर्ष और तनाव से जूझ रही है, ऐसे समय में कबीर जी के विचार “प्रकाश स्तंभ” की तरह हैं, जो शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं।
भेदभाव के खिलाफ थी कबीर की आवाज
उन्होंने कबीर दास जी को सच्चा मानवतावादी बताते हुए कहा कि उन्होंने जात-पात, ऊंच-नीच और धार्मिक कट्टरता के खिलाफ मजबूत आवाज उठाई। उनकी सरल वाणी आज भी लोगों को जोड़ने और प्रेरित करने का काम कर रही है।
सरकार चला रही कई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ‘संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना’ के जरिए संतों के विचारों को जन-जन तक पहुंचा रही है।
0 ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत बुजुर्गों को धार्मिक यात्राएं
0 अंबाला से अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन
0 ‘स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना’ (सिख तीर्थ स्थलों के लिए सहायता)
0 ‘सिंधु दर्शन योजना’ और ‘कैलाश मानसरोवर यात्रा योजना’ के माध्यम से सहयोग
कबीर के विचार अपनाने का आह्वान
सीएम ने कहा कि संत कबीर जी का संदेश साफ है—समाज में एकता और भाईचारा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कबीर जी के विचारों को केवल पढ़ें नहीं, बल्कि जीवन में अपनाएं।
यह सेमिनार भगत कबीर वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

