Abhishek Sharma: भारत में आईपीएल 2026 की धूम है. 19वें सीजन का 27वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हुआ. इस मुकाबले में हैदराबाद टीम के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने अपने बल्ले से ऐसा गदर मचाया है कि रिकॉर्ड बुक में खलबली मच गई. उन्होंने पहली गेंद से चौके-छक्कों की बारिश की और सीएसके के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. सिर्फ 15 बॉल पर अर्धशतक पूरा करने वाले अभिषेक ने 22 बॉल पर 6 चौके और 4 छक्कों के दम पर 59 रन ठोके. इस पारी के दम पर अभिषेक अब आईपीएल इतिहास में सबसे कम गेंदों में 2000 रन पूरे करने वाले सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने वीरेंद्र सहवाग और निकोलस पूरन जैसे दिग्गजों को एक झटके में पीछे छोड़ दिया है.

सहवाग और पूरन का रिकॉर्ड टूटा

अभिषेक शर्मा ने 59 रनों की पारी के दम पर आईपीएल में अपने 2000 रन पूरे किए. खास बात यह है कि उन्होंने यहां तक पहुंचने के लिए मात्र 1193 गेंदों का सामना किया, जो किसी भी भारतीय द्वारा सबसे कम बॉल हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड ‘नजफगढ़ के नवाब’ वीरेंद्र सहवाग के नाम था, जिन्होंने 1211 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था. अभिषेक अब दुनिया में सिर्फ आंद्रे रसेल से पीछे हैं, जिन्होंने 1120 बॉल पर आईपीएल में 2000 रन पूरे किए थे. इस मामले में अभिषेक ने निकोलस पूरन को पछाड़ा है, जिन्होंने 2000 रन पूरे करने के लिए 1198 बॉल ली थीं.

आईपीएल में सबसे कम गेंदों में 2000 रन

आंद्रे रसेल: 1120 गेंदें
अभिषेक शर्मा: 1193 गेंदें (सबसे तेज भारतीय)
निकोलस पूरन: 1198 गेंदें
वीरेंद्र सहवाग: 1211 गेंदें
क्रिस गेल: 1251 गेंदें

ऐसा करने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं Abhishek Sharma

बाएं हाथ के खूंखार ओपनर अभिषेक शर्मा अब आईपीएल इतिहास के इकलौते ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने 20 से कम गेंदों में 6 बार फिफ्टी लगाने का कारनामा किया है. इस लिस्ट में ट्रैविस हेड और जैक फ्रेजर-मैकगर्क जैसे नाम भी उनसे कोसों पीछे (3-3 बार) हैं. इतना ही नहीं, अब अभिषेक दुनिया के पहले और एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने आईपीएल की दो सबसे सफल टीमों मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स दोनों के खिलाफ 20 से कम गेंदों में अर्धशतक ठोकने की उपलब्धि हासिल की है. ऐसा कोई दूसरा खिलाड़ी आईपीएल में नहीं कर सका है.

Abhishek Sharma ने SRH के लिए तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा ने इस मैच में महज 15 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की. यह सनराइजर्स हैदराबाद के इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी है. गौर करने वाली बात यह है कि उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा. इससे पहले 2024 में उन्होंने 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था. अभिषेक ने 268.18 के विध्वंसक स्ट्राइक रेट से 22 गेंदों में 59 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H