Sachin Pilot News: राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल के एक बयान ने सियासी गलियारे में हड़कंप मचा दिया है। टोंक में पायलट को बहरूपिया कहनेपर कांग्रेस खेमे में हड़कंप मच गया है। डोटासरा से लेकर युवा विधायकों तक, हर कोई अब भाजपा प्रभारी को घेरने में जुटा है।

क्या है पूरा मामला? क्यों मचा है बवाल

दरअसल, टोंक में एक सभा के दौरान भाजपा प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने स्थानीय विधायक सचिन पायलट पर सीधा हमला बोला। उन्होंने उन्हें बहरूपिया करार देते हुए कहा कि उनका एक पैर टोंक में रहता है और दूसरा न जाने कहां। इतना ही नहीं, पूर्व भाजपा विधायक अजीत मेहता ने भी तंज कसते हुए उन्हें बाहरी बता दिया। सूत्रों की मानें तो इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर पायलट समर्थकों का गुस्सा सातवें आसमान पर है और वे भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं।

डोटासरा का वार- ये भाजपा की गिरती संस्कृति

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस मामले में मोर्चा संभालते हुए सीधे भाजपा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। डोटासरा ने दो-टूक कहा कि राजनीति में विरोध हो सकता है, लेकिन व्यक्तिगत अपमान करना भाजपा की पुरानी आदत बन गई है। उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर इसे अशोभनीय बताया और मांग की है कि राधा मोहन दास अग्रवाल को तुरंत अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

युवा विधायकों ने भी घेरा, कहा- पायलट युवाओं के आदर्श

पायलट के समर्थन में उतरे लाडनूं विधायक रामनिवास गावड़िया ने इसे लोकतंत्र के लिए काला दिन बताया। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट ने संघर्ष और सादगी से युवाओं को राजनीति में रास्ता दिखाया है। उन पर ऐसी टिप्पणी करना भाजपा की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। भाजपा नेतृत्व को अपने नेताओं को मर्यादा का पाठ पढ़ाना चाहिए।

पढ़ें ये खबरें