अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम: रोहतास जिले की पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सक्रिय एक शातिर चोर गिरोह के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ट्रकों, हाईवा और अन्य भारी वाहनों से बैटरी एवं कीमती कलपुर्जे चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह न केवल वाहनों, बल्कि किसानों के पंपिंग सेट और मशीनों को भी अपना निशाना बनाता था।
बभनी गांव से हुई गिरोह की गिरफ्तारी
पकड़े गए अपराधियों की पहचान प्रिंस कुमार अली और विनय कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों करगहर थाना क्षेत्र के बभनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। सासाराम के एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर बभनी गांव में छापेमारी की, जहां से इन दोनों को दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह काफी समय से हाईवे किनारे खड़े वाहनों के लिए आतंक का पर्याय बना हुआ था।
अप्रैल माह में अंजाम दीं कई वारदातें
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए अपराधियों ने धौडॉड थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिछले महीने की 13 अप्रैल, 16 अप्रैल और 30 अप्रैल को तीन बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने विभिन्न ट्रकों और हाईवा से कुल 14 बैटरियां चोरी की थीं। इसके अलावा, गिरोह ने किसानों के खेतों से पंपिंग सेट और एक जनरेटर का कल्टीवेटर भी उड़ा लिया था।
चोरी का माल और बोलेरो बरामद
पुलिस की छापेमारी के दौरान इनके कब्जे से चोरी की 8 बैटरियां और एक कल्टीवेटर बरामद किया गया है। गिरोह चोरी के सामान को ढोने के लिए एक बोलेरो गाड़ी का इस्तेमाल करता था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। अपराधियों ने बताया कि वे रात के अंधेरे में हाईवे (NH-19) के किनारे खड़े ट्रकों की रेकी करते थे और चालक के सोते ही औजारों की मदद से बैटरी निकाल लेते थे।
अन्य सदस्यों की तलाश जारी
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि यह गिरोह संगठित तरीके से काम करता था। इस गिरोह के कुछ अन्य सदस्यों की भी पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि अन्य फरार सदस्यों के पकड़े जाने के बाद चोरी की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकेगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

