अजय शास्त्री/ बेगूसराय। बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बेगूसराय जिले के खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र का है, जहां मसुराज पंचायत भवन के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की नाकाम कोशिश की, लेकिन मृतक के सिर पर मौजूद गोली के निशान ने हत्या की साजिश की पोल खोल दी।
हादसे की शक्ल देने की कोशिश
शनिवार की सुबह मसुराज पंचायत भवन के समीप से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे एक गड्ढे में पड़ी बाइक और उसके पास पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा था कि यह कोई सड़क दुर्घटना है, लेकिन जब पास जाकर देखा गया तो युवक के चेहरे और सिर पर गोली के निशान साफ नजर आ रहे थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
पड़ोसी दोस्त पर लगा हत्या का आरोप
मृतक की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुम्भी निवासी पवन महतो के 35 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि उनकी ही बस्ती का एक पड़ोसी युवक शुक्रवार की शाम अरविंद को अपने साथ बुलाकर ले गया था। मृतक के पिता ने बताया कि अरविंद अपने उसी दोस्त को उसके ससुराल (भोजा गांव) छोड़ने गया था। देर रात वहां से लौटते वक्त यह वारदात हुई। परिजनों का दावा है कि साथ गया युवक घटना के बाद से ही फरार है, जिससे उस पर शक गहरा गया है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है।
ग्रामीणों में आक्रोश
इस जघन्य हत्याकांड के बाद मृतक के गांव कुम्भी और घटनास्थल के आसपास के लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपसी रंजिश और साथ गए युवक की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

