कुमार इंदर, जबलपुर। Jabalpur Cruise Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए दिल दहलाने वाले क्रूज हादसे के जख्म भरने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस बीच रेस्क्यू के दौरान 2 और मासूमों के शव बरामद हुए हैं। जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 11 पहुंच गया है। 

मृतक बच्चों की उम्र 4 और 6 साल

मृतक बच्चों की उम्र 4 और 6 साल है। 6 साल के बच्चे की पहचान विराज सोनी पिता कृष्णा सोनी के रूप में हुई है। हालांकि 4 साल के मासूम की पहचान नहीं हो सकी है। बता दें कि क्रूज हादसे में करीब 4 लोग लापता थे। जिनकी तलाश के लिए दिनभर से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। शनिवार को शाम के बाद टीम को एक के बाद एक 2 नन्हे मासूमों की लाश मिली।

अब तक क्या हुआ?

मध्य प्रदेश के जबलपुर क्रूज हादसे मामले में उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर समिति का गठन किया गया है। महानिदेशक होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा, सचिव मध्यप्रदेश शासन, आयुक्त जबलपुर संभाग की उच्च स्तरीय समिति जांच करेगी। यह कमेटी दुर्घटना के कारण, क्रूज संचालन के नियम समेत अन्य तथ्यों की जांच करेगी। सीएम ने कहा है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में इस तरह की दु:खद घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के भी निर्देश दिए हैं। 

कैसे हुआ था हादसा?

दरअसल, जबलपुर के बरगी डैम में 30 अप्रैल का दिन कई परिवारों के लिए काल बनकर आया। जहां हर दिन की तरह गुरुवार की शाम सैलानी क्रूज का आनंद ले रहे थे। इस बीच अचानक तेज हवा और आंधी चलने लगी, जिससे क्रूज डगमगाने लगा और देखते ही देखते पानी में डूबने लगा। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। इसके पहले संभल पाते कि क्रूज सवार 30 से ज्यादा लोग एक-एक कर डूबने लगे।

स्थानीय लोगों ने की बचाने की कोशिश

डैम में लोगों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की। वहीं घटना की सूचना मिलते ही एनडीईआरएफ, एसडीईआरएफ, आर्मी, गोताखोर और प्रशासनिक टीम ने मोर्चा संभाला। कुछ सैलानी खुद तैरकर अपनी जान बचाने में कामयाब हुए तो वहीं कुछ लोगों को गोताखोर और प्रशासन की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। खबर लिखे जाने तक अब तक 11 लोगों के शव बरामद हुए है, जिनमें 7 महिलाएं और 3 बच्चे भी है। वहीं लापता लोगों की तलाश युद्ध स्तर पर जारी है।

https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m