उमेश यादव, सागर। बांदरी थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय नवविवाहिता ने इंस्ट्राग्राम पर लाइव आकर अपनी आपबीती सुनाई और उसके बाद आत्महत्या कर ली। नवविवाहिता का शव उसके मायके में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक देर रात युवती ने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया जिसमें उसने गांव के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में युवती यह कहते दिख रही है कि आरोपी लंबे समय से उसे पुराने संबंधों के आधार पर ब्लैकमेल कर रहा था और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। युवती ने वीडियो में इस बात का भी जिक्र किया कि युवक ने उसके निजी और आपत्तिजनक वीडियो और जानकारी उसके पति तक पहुंचा दी। जिससे नवविवाहिता का वैवाहिक जीवन पूरी तरह से टूट गया।

10 महीने पहले हुई थी शादी

बताया जा रहा है कि युवती की शादी करीब 10 महीने पहले हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी युवक उसे लगातार बदनाम करने की धमकी देता था। वीडियो में युवती ने साफ तौर पर कहा कि वह इस मानसिक तनाव को और बर्दाश्त नहीं कर पा रही है और अपनी जान देने जा रही है। इसके कुछ समय बाद ही गुरुवार रात उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।

दूसरे दिन जब परिजनों ने युवती का शव फांसी के फंदे पर देखा तो वो स्तब्ध रह गए। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

समाज में बदनामी के डर से बेटी ने किया…

मृतका के पिता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि आरोपी युवक उनकी बेटी का अश्लील वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता था। उन्होंने यह भी कहा कि युवक ने लंबे समय तक उनकी बेटी का शारीरिक शोषण किया और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पिता के अनुसार, बेटी लगातार तनाव में थी और समाज में बदनामी के डर से वह काफी परेशान रहती थी।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद आक्रोशित परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण बांदरी थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

वीडियो के आधार पर पुलिस जांच में जुटी

बांदरी थाना प्रभारी सुमेर सिंह जगेत ने बताया कि परिजनों से शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ है। मृतका का मोबाइल फोन और इंस्टाग्राम वीडियो को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के विस्तृत बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, जिससे आरोपों की पुष्टि की जा सके और दोषी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जा सके।

https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m