कुंदन कुमार, पटना। Bihar Police Encounter: बिहार पुलिस अपराध को लेकर लगातार एक्शन मोड में है। सीवान पुलिस ने आज रविवार की तड़के सुबह एक और अपराधी को एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस ने बड़हरिया थाना क्षेत्र में सोनू यादव नाम के अपराधी का एनकाउंटर किया है। सोनू यादव बीजेपी नेता और पूर्व विधान पार्षद मनोज सिंह के भांजे की हत्या मामले में फरार चल रहा था। इससे पहले पुलिस ने एनकाउंटर में घटना में शामिल एक और आरोपी के दोनों पैरों में गोली मारी थी।

पुलिस से घिरता देख की फायरिंग

एनकाउंटर में मारा गया सोनू यादव बड़हरिया थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को यह सूचना मिली थी की बड़हरिया थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी एकत्रित हुए हैं। जानकारी मिलने के बाद मौके पर जब पुलिस की टीम पहुंची तो पुलिस को देखते ही सोनू यादव ने फायरिंग करना चालू कर दिया और भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाई। पुलिस की गोली लगने से सोनू यादव घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ पर सीवान एसपी का बयान

मुठभेड़ को लेकर सीवान एसपी ने बताया कि, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़हरिया थाना क्षेत्र में कुछ बदमाश एकत्रित हो रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हर्ष सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी था सोनू

दरअसल पूरा मामला 29 अप्रैल का है, जब घटना वाली शाम 7 बजे के करीब नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास सोनू यादव ने बीजेपी नेता मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह और उनके बहनोई चंदन सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस घटना में जहां, हर्ष सिंह की मौत हो गई। वहीं, चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरा विवाद रोड रोज (कार की टक्कर) की एक घटना को लेकर हुआ था। बता दें कि एनकाउंटर में मारा गया सोनू यादवघटना का मुख्य अभियुक्त था। वहीं, इससे पहले पुलिस ने उसके एक साथी सुनील यादव उर्फ (छोटू यादव) को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। इस दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी।

ये भी पढ़ें- मार दिया तो मार दिया… मांझी के बयान पर भड़के तेजस्वी, सत्ताधारियों को बताया संवेदनहीन