Anant Singh News: मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की एक बार फिर से मुश्किलें बढ़ने वाली है। दरअसल गोपालगंज जिले की मीरगंज थाना पुलिस ने अनंत सिंह समेत 9 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो से जुड़ा हुआ है, जिसमें अनंत सिंह एक कार्यक्रम के दौरान नाच देख रहे हैं। वहीं, उनके समर्थक खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करते हुए नोट उड़ाते दिख रहे हैं।

खुलेआम हथियार लहराते नजर आए समर्थक

पूरा घटना 2 मई की है, जब अनंत सिंह मुखिया गुड्डू राय के बेटे के उपनयन संस्कार समारोह में शामिल होने के लिए गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव पहुंचे थे। इस दौरान उनके स्वागत में जैसे ही जातीय वर्चस्व को बढ़ावा देने वाला भोजपुरी गाना ‘रंगदार के भतार भूमिहार जी’ बजाया गया, उनके समर्थक गानों पर झूमते और खुलेआम हथियार लहराते हुए नजर आए।

घटना से जुड़े कई वीडियो और भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। कार्यक्रम में कई महिला डांसरों को भी बुलाया गया था। जो अलग-अलग गाने पर डांस कर रही थी। वायरल एक अन्य वीडियो में अनंत सिंह नर्तकी का डांस देख रहे हैं। वहीं, अनंत सिंह के सामने डांसर पर नोटों की बारिश की जा रही है।

एसपी विनय तिवारी ने दिए जांच के आदेश

देखते ही देखते ही अनंत सिंह का कार्यक्रम से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैलने लगा। विपक्षी नेताओं से लेकर आम लोगों ने इस वीडियो लेकर सवाल उठाना शुरू कर दिया, जिसे देखते हुए एसपी विनय तिवारी नें हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता को जांच का निर्देश दिया था, जिसके बाद हथुआ एसडीपीओ के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई है।

अनंत सिंह समेत 9 के खिलाफ FIR दर्ज

पुलिस ने मामले में कार्यक्रम के आयोजक गुड्डू राय , जदयू विधायक अनंत सिंह, गायक गुंजन सिंह के अलावा उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय, सुनील यादव के खिलाफ नामजद और अन्य अज्ञात लोगों पर विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि जांच में यह सामने आया है कि समारोह के दौरान प्रतिबंधित और लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना। साथ ही अश्लील नृत्य और सार्वजनिक शांति भंग करने का भी गंभीर आरोप है।

ये भी पढ़ें- IRCTC Scam: लालू परिवार के लिए आज का दिन काफी अहम, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोर्ट सुना सकती है फैसला