अजय शास्त्री/ बेगूसराय। जिले के एक विद्यालय प्रशासन की घोर लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के राजकीय कृत मध्य विद्यालय, जहानपुर में कक्षा के भीतर रखे लोहे के सरिए का बंडल गिरने से एक आठवीं कक्षा के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
कक्षा में ही थम गईं मुन्ना की सांसें
मृतक छात्र की पहचान जहानपुर निवासी फूलों यादव के पुत्र मुन्ना कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुन्ना प्रतिदिन की तरह आज भी पढ़ाई करने विद्यालय पहुंचा था। जैसे ही वह अपने क्लासरूम में दाखिल हुआ, छत के पास असुरक्षित तरीके से बांधकर रखा गया लोहे के सरिए का भारी बंडल सीधे उसके सिर पर जा गिरा। चोट इतनी गंभीर थी कि छात्र ने स्कूल परिसर में ही दम तोड़ दिया।
अधिकारियों का घेराव और शिक्षकों को बनाया बंधक
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विद्यालय के शिक्षकों को बंधक बना लिया और जमकर तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने मंसूरचक-बछवाड़ा मुख्य मार्ग को जाम कर टायर जलाए और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों की मांग है कि दोषी शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तेघड़ा के एसडीओ राकेश कुमार और डीएसपी कृष्ण कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। प्रथम दृष्टया यह साफ है कि क्लासरूम जैसी संवेदनशील जगह पर सरिए के कचरे को बांधकर रखना स्कूल प्रबंधन की बड़ी चूक थी। इस लापरवाही ने न केवल एक मासूम की जान ली, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोल दी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

