पटना। जिले के बिहटा नगर परिषद में बुधवार को सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। पिछले कई महीनों से वेतन की बाट जोह रहे सफाई कर्मियों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। अपनी मांगों को लेकर दर्जनों सफाई कर्मियों ने नगर परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया और अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी। इस विरोध प्रदर्शन के कारण पूरे शहर में कचरे का उठाव बंद हो गया है, जिससे सड़कों पर गंदगी फैलनी शुरू हो गई है।
’वेतन नहीं तो काम नहीं’ का नारा
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सफाई कर्मी गुड्डू कुमार ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि उन्हें पिछले दो से तीन महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि बिना वेतन के उनके परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। गुड्डू के अनुसार, “जब भी हम अपने हक का पैसा मांगते हैं, तो प्रशासन और एजेंसी द्वारा केवल आश्वासन मिलता है। ‘आज देंगे, कल देंगे’ करते-करते महीनों बीत गए, लेकिन हमारे हाथ खाली हैं। अब हमने तय कर लिया है कि जब तक हमारे खातों में बकाया राशि नहीं आती, तब तक हम काम पर वापस नहीं लौटेंगे।”
प्रशासनिक आश्वासन और एजेंसी का पेंच
हड़ताल की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सफाई कर्मियों को समझाने-बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन कर्मी अपनी मांगों पर अड़े रहे।
मामले पर सफाई देते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गुरु शरण सिंह ने बताया कि सफाई कर्मियों की नियुक्ति एक आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से की गई है। उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद की ओर से एजेंसी को मार्च महीने तक का पूरा भुगतान किया जा चुका है और केवल अप्रैल महीने की राशि लंबित है। सिंह ने भरोसा दिलाया कि जैसे ही एजेंसी की ओर से पूरी रिपोर्ट और मस्टर रोल उपलब्ध कराया जाएगा, भुगतान की प्रक्रिया तुरंत पूरी कर दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सफाई कर्मियों की हर जायज मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जा रहा है।
शहर में स्वच्छता संकट
इस हड़ताल का सीधा असर शहर की स्वच्छता पर पड़ा है। मुख्य बाजारों से लेकर रिहायशी इलाकों तक कचरे के ढेर जमा होने लगे हैं। अगर यह गतिरोध जल्द समाप्त नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में महामारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल, प्रशासन और कर्मियों के बीच खींचतान जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

