अनिल शर्मा, अंबाला। अम्बाला पुलिस ने चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बलदेव नगर स्थित बीएम फाउंडरी एंड इंजीनियरिंग वर्क्स से लोहा चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा सामान भी बरामद किया है।


पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से थाना बलदेव नगर में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 अप्रैल की रात अज्ञात व्यक्ति फैक्ट्री परिसर से करीब पांच क्विंटल लोहे का सामान चोरी कर ले गए। चोरी किए गए सामान में बड़े और छोटे लोहे के बट्टे शामिल थे।


मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और गुप्त सूचना के आधार पर गांव मंडोर में दबिश देकर आरोपी मुकेश कुमार और प्रदीप कुमार उर्फ दीपा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया लोहा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।