ODISHA DESK, उदला (मयूरभंज): ओडिशा के मयूरभंज जिले में लुटेरों ने पुलिस को चकमा देने के लिए एक नया तरीका अपनाया है। खुंटा इलाके में बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरों पर रंग छिड़क कर एक एटीएम से लाखों रुपये लूट लिए। यह लूट खुंटा थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित ‘बंगला छक’ के एसबीआई (SBI) एटीएम में कल देर रात हुई।

लुटेरों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। पहचान छुपाने और सीसीटीवी की नजर से बचने के लिए लुटेरों ने सबसे पहले एटीएम के बाहर लगे कैमरों पर लाल रंग मार दिया। इस वजह से उनकी कोई भी गतिविधि रिकॉर्ड नहीं हो सकी।

कैमरे खराब करने के बाद बदमाश एटीएम के अंदर घुसे और गैस कटर की मदद से मशीन को काट दिया। गैस कटर के इस्तेमाल से मशीन का कुछ हिस्सा जल भी गया है। वारदात के दौरान शोर न हो और पुलिस को भनक न लगे, इसके लिए बदमाशों ने एटीएम में लगे सुरक्षा साइरन को पीट-पीटकर तोड़ दिया।

लुटेरे कैश ट्रे से सारा पैसा निकालकर फरार हो गए हैं। हालांकि, अभी तक बैंक अधिकारियों की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कुल कितनी रकम की लूट हुई है। सूचना मिलने पर खुंटा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साइंटिफिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाने के इतने करीब इस तरह की साहसिक लूट ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H