लक्ष्य वर्मा , करनाल। जिले की मंडियों में गेहूं की खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। प्रशासन की ओर से खरीद कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।


उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि अब तक जिले की विभिन्न मंडियों और खरीद केंद्रों में कुल 7 लाख 86 हजार 708 मीट्रिक टन गेहूं की आवक दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद कार्य में शामिल सभी एजेंसियों को समय पर उठान और भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


प्रशासन के अनुसार, अब तक विभिन्न एजेंसियों द्वारा कुल 7,57,438 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इसमें खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा 3,02,685 मीट्रिक टन, हैफेड द्वारा 3,48,919 मीट्रिक टन, हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन द्वारा 1,01,490 मीट्रिक टन तथा एफसीआई द्वारा 4,344 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है।


इसी प्रकार अब तक 7,10,119 मीट्रिक टन गेहूं का उठान भी किया जा चुका है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मंडियों से गेहूं के उठान में तेजी लाई जाए और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पूरी खरीद प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।