मुजफ्फरपुर। जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह करने वाली एक शिक्षिका ने अपने ससुराल पक्ष पर जबरन धर्म परिवर्तन और अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुरा मिल्की टोला की रहने वाली इस महिला का कहना है कि उसे प्रतिबंधित मांस खाने और बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
धार्मिक पहचान बदलने का दबाव और शारीरिक प्रताड़ना
पीड़िता, जो पेशे से एक शिक्षिका है और UPSC की तैयारी कर रही है, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि साल 2019 में उसने दूसरे धर्म के युवक से विवाह किया था। शादी के बाद से ही उसके ससुर मो. बशीर, सास जिला खातून, देवर और देवरानी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। महिला का आरोप है कि उसे उसकी धार्मिक मान्यताओं को छोड़ने और दूसरे धर्म की परंपराओं को अपनाने के लिए विवश किया जाता है। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती है।
पति का समर्थन बना विवाद की जड़
हैरानी की बात यह है कि महिला का पति, जो एक ग्राफिक्स डिजाइनर है, अपनी पत्नी के समर्थन में खड़ा है। पीड़िता के अनुसार, पति का साथ मिलने की वजह से ससुराल वाले और भी अधिक आक्रामक हो गए हैं। संपत्ति और भरण-पोषण को लेकर ससुर ने कोर्ट में मामला भी दायर कर रखा है, जिससे परिवार में तनाव चरम पर है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे ‘बांझ’ कहकर अपमानित किया जाता है और कई बार जान से मारने की कोशिश भी की गई है।
अस्मिता से खिलवाड़ और भीड़ का आतंक
शिकायत के अनुसार, इसी साल 18 फरवरी को आरोपियों ने महिला की अस्मिता भंग करने का प्रयास किया और विरोध करने पर उसके कपड़े तक फाड़ दिए। इतना ही नहीं, पीड़िता का दावा है कि ससुराल पक्ष ने 20 से 40 लोगों की भीड़ जुटाकर पंचायत बुलाई और मामले को सांप्रदायिक रंग देकर उसे समाज में अलग-थलग करने की कोशिश की।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
थानेदार चंद्रभूषण कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है, लेकिन धर्म परिवर्तन के दबाव और जानलेवा हमले जैसे आरोपों की गहनता से छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

