रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 (JTET) का आयोजन 1 नवंबर 2026 को किया जाएगा। झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की ओर से परीक्षा की तारीख, समय और अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा राज्य के विभिन्न केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी।

दो पालियों में होगी परीक्षा

पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

15 अक्टूबर से एडमिट कार्ड डाउनलोड

JAC के अनुसार अभ्यर्थी 15 अक्टूबर 2026 से परिषद की वेबसाइट के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड डाक या किसी अन्य माध्यम से नहीं भेजा जाएगा।

अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

मूल पहचान पत्र जरूरी

परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड के साथ मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र की छायाप्रति मान्य नहीं होगी। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन समेत किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।परिषद ने अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ने और उनका अनिवार्य रूप से पालन करने की सलाह दी है।

दिव्यांग अभ्यर्थियों को 30 मिनट अतिरिक्त समय

JTET में शामिल होने वाले दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी तथा दोनों हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा में 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले दिव्यांग अभ्यर्थी श्रुतिलेखक (स्क्राइब) की सुविधा भी ले सकेंगे। इसके लिए परीक्षा से पहले संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में दिव्यांगता प्रमाण पत्र के साथ आवेदन जमा करना होगा।

परिषद के अनुसार दिव्यांगता प्रमाण पत्र के आधार पर निर्धारित नियमों के तहत श्रुतिलेखक की अनुमति संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी देंगे। इसकी जानकारी केंद्राधीक्षक के माध्यम से परिषद को भी उपलब्ध कराई जाएगी।