सत्या राजपूत, रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बिगड़े मौसम के कारण छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में आज होने वाले दोनों मुकाबले स्थगित कर दिए गए हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने यह फैसला लिया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को पहला मैच शाम 5:30 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच होना था। इसके बाद शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियन्स और बैलाडीला बुल्स की टीमें आमने-सामने आने वाली थीं। बदले हुए कार्यक्रम के तहत दोनों मुकाबले शुक्रवार को इन्हीं समय पर खेले जाएंगे।
कब होंगे मैच ?
आयोजन समिति ने मौसम की स्थिति और उससे पैदा होने वाले संभावित जोखिमों को देखते हुए एहतियातन मैचों की तारीख बदलने का फैसला किया है। अब दोनों मैच शुक्रवार, 30 अक्टूबर को खेले जाएंगे। वहीं, लीग के सेमीफाइनल 31 अक्टूबर और फाइनल मुकाबला 1 नवंबर को होगा।
रोज शाम सरदार पटेल हॉकी स्टेडियम में हो रहे मुकाबले
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से पहली बार छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आयोजित की जा रही है। 22 अक्टूबर से शुरू हुई इस लीग में सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में रोजाना शाम को मुकाबले हो रहे हैं। इसमें छह टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं।
मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंच रहे हैं। विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्ति भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए मुकाबले देखने पहुंच रहे हैं। लीग के शुरुआती मुकाबलों में टीमों के प्रदर्शन के बाद सेमीफाइनल की दौड़ भी दिलचस्प हो गई है।
11 अंकों के साथ न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में
लीग में न्यायधानी नाइट्स ने अपने पांचों मुकाबले पूरे कर लिए हैं। टीम तीन जीत और दो ड्रॉ के साथ 11 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर है। इस प्रदर्शन के दम पर उसने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।
राजधानी रॉयल्स भी अपने पांचों मैच खेल चुकी है, लेकिन टीम को किसी मुकाबले में जीत नहीं मिली और वह अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। बाकी चार टीमों के एक-एक लीग मैच अभी बाकी हैं।
अंक तालिका में मैनपाट दूसरे और चक्रधर तीसरे स्थान पर
मैनपाट टाइटन्स ने अब तक चार मैच खेले हैं। इनमें दो जीत और दो ड्रॉ के साथ टीम के आठ अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर है। चक्रधर चैंपियन्स चार मैचों में दो जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ सात अंक लेकर तीसरे स्थान पर है।
बैलाडीला बुल्स ने चार मैचों में एक जीत, दो ड्रॉ और एक हार दर्ज की है। टीम के पांच अंक हैं और वह चौथे स्थान पर है। वहीं, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स चार मुकाबलों में एक जीत, एक ड्रॉ और दो हार के साथ चार अंक लेकर पांचवें स्थान पर है।
31 अक्टूबर को सेमीफाइनल, 1 नवंबर को फाइनल
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 31 अक्टूबर को खेले जाएंगे। इसके बाद 1 नवंबर को फाइनल होगा, जिसमें खिताब के लिए मुकाबला होगा। लीग के शेष मुकाबलों के नतीजे सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों की तस्वीर साफ करेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

