प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के धार्मिक शहर उज्जैन में स्थित चमत्कारिक ‘खड़े हनुमान’ मंदिर का मामला एक बार फिर तूल पकड़ गया है। इस बार विवाद प्रशासन द्वारा कथित तौर पर चोरी-छिपे हनुमान प्रतिमा की जांच किए जाने को लेकर सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे से 2:00 बजे के बीच प्रशासनिक अमले ने मंदिर पहुंचकर प्रतिमा की स्क्रीनिंग की और उसकी गहराई व मजबूती को जांचा, इस दौरान जांच टीम की मशीन के अचानक खराब हो जाने को लोग चमत्कार मान रहे हैं।

आधी रात को हुई जांच और वायरल वीडियो

सामने आए वीडियो और फोटो के मुताबिक, एसडीएम एल.एन. गर्ग के नेतृत्व में नगर निगम का अमला और भोपाल से आया विशेष जांच दल रात्रि के समय खड़े हनुमान मंदिर पहुंचा था। वीडियो में यह भी स्पष्ट सुनाई दे रहा है कि जांच अधिकारी कह रहे हैं कि ‘मशीन खराब हो गई है’। इस गुप्त तरीके से की गई जांच के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, हालांकि इस पूरे संवेदनशील मामले पर प्रशासनिक अधिकारी अभी भी पूरी तरह मौन साधे हुए हैं और कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

VHP और बीजेपी पार्षद ने खड़े किए तीखे सवाल

आधी रात को मंदिर में हुई इस कार्रवाई को लेकर हिंदू संगठनों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के जिला अध्यक्ष राजेश आंजना ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि प्रशासन यह स्पष्ट करे कि वह खड़े हनुमान को भगवान मानता है या नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस समय मंदिर में पुजारी, साधु-संतों और आम जनता का प्रवेश वर्जित होता है, उस वक्त रात के 2 बजे चोरी-छिपे मंदिर पहुंचकर इस तरह की जांच करना प्रशासन की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने इसे सनातन के खिलाफ बताते हुए विरोध जताने की बात कही है।

वहीं, सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि एसडीएम एल.एन. गर्ग और भोपाल से आए जांच दल को रात के अंधेरे में स्क्रीनिंग करने की क्या जरूरत थी? यह सारा काम दिन में भी हो सकता था। उन्होंने कहा कि प्रशासन चूहा-बिल्ली का खेल बंद करे और जनभावनाओं व सनातन का सम्मान करे। रात 2 बजे तक चोरी-छिपे हुई इस जांच के दौरान मशीन का खराब होना इस बात का संकेत है कि खड़े हनुमान ने खुद अपनी उपस्थिति का प्रमाण दे दिया है। फिलहाल, इस मामले के सामने आने के बाद उज्जैन के राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और जनता तथा संगठनों की निगाहें अब प्रशासन के आधिकारिक बयान पर टिकी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m