धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरा, परेवाडीह और कुरमातराई में पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर ताशपत्ती जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ा। इस दौरान पुलिस ने कुल 5,520 रुपये नगद और ताशपत्तियां जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर ताश के जरिए जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार स्थानों पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान ग्राम लिमतरा के कला मंच के पास दो अलग-अलग जुआ फड़ों से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं ग्राम परेवाडीह में बडरा तालाब के सामने मेन रोड से 2 और ग्राम कुरमातराई में रंगमंच शेड के नीचे से 2 जुआरियों को पकड़ा गया। इस तरह कुल 11 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े।
चार प्रकरण दर्ज, 5,520 रुपये जब्त
पुलिस ने चारों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। ग्राम लिमतरा के पहले प्रकरण में 1,750 रुपये और दूसरे प्रकरण में 1,560 रुपये नगद जब्त किए गए। इसी तरह परेवाडीह से 950 रुपये और कुरमातराई से 1,260 रुपये बरामद हुए। प्रत्येक जुआ फड़ से 52 पत्ती ताश भी जब्त की गई है। सभी 11 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान जारी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने और खिलाने वालों पर पुलिस की नजर है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि आसपास किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

